
उदयपुर। शहर के एक होटल में युवकों के साथ पार्टी कर रही थाईलैंड की एक महिला को कुछ युवकों ने गोली मार दी। गोली महिला के बायें हाथ के नीचे पसलियों में फंस गई। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को एमबी चिकित्सालय भर्ती कराया गया।
वहां आपात ऑपरेशन कर गोली बाहर निकाली गई। चिकित्सकों ने महिला की हालत खतरे से बाहर बताई है। महिला नशे में होने के कारण पुलिस को हमलावरों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पाई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व लोकेशन के आधार पर चार आरोपियों को नामजद कर लिया है। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। इधर महिला देर रात सूरजपोल से घटनास्थल तक किसके साथ व क्यों गई इसका अधिकृत खुलासा नहीं हो पाया, पुलिस ने टैक्सी चालक सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शनिवार तड़के 6 बजे एमबी अस्पताल से सूचना मिली की एक विदेशी महिला को अस्पताल में लेकर आए हैं। उसके बायें हाथ के नीचे गोली लगी है इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह महिला थाईलैंड की है। जिसका नाम मिस थाई थेम चुक (24) है।
महिला करीब दस दिन पूर्व अपनी एक महिला दोस्त के साथ उदयपुर आई थी और यहां माली कॉलोनी स्थित होटल वीर में ठहरी हुई थी। इस महिला के उदयपुर में भी कुछ संपर्क थे। ऐसे में रात करीब डेढ़ बजे साथी महिला को दोस्त के साथ जाने का बताकर होटल से निकली थी। एसपी गोयल ने बताया कि महिला को घायलावस्था में तड़के साढ़े चार बजे एक कार से भीलों का बेदला स्थित एक निजी चिकित्सालय में पहुंचाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सालय की एंबुलेंस से एमबी अस्पताल पहुंचाया गया
फायरिंग के बाद गोली महिला के बायें हाथ के नीचे पसलियों में फंस गई। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। महिला सुबह तक नशे की हालत में थी और पुलिस को सहयोग नहीं कर रही थी। ऐसे में पुलिस ने अन्य माध्यम से आरोपियों के बारे में पता लगाया। दोपहर बाद महिला ने पुलिस को कुछ जानकारियां दी।
माली कॉलोनी में ठहरी महिला को रात करीब डेढ़ बजे एक टैक्सी लेने पहुंची। इससे वह सुखेर थाना क्षेत्र के होटल रत्नम गई। वहां पहले से मौजूद चार युवकों के साथ एक कमरे में बैठकर शराब पी। इसी दौरान 3 बजे बाद किसी बात को लेकर इनमें बहस हुई और गोली चली। इससे महिला घायल हो गई। पुलिस ध्रुव नामक एक युवक के साथ तीन अन्य को नामजद किया है।
Updated on:
10 Nov 2024 11:32 am
Published on:
10 Nov 2024 11:28 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
