27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

French Couple Wedding: राजस्थान आकर विदेशी जोड़े ने देसी अंदाज में रचाई शादी, उदयपुर बना दूसरा घर

french couple hindu wedding: फ्रांस की एंजालिक और उनके पार्टनर सेडरिक ने उदयपुर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर सांस्कृतिक समन्वय की मिसाल पेश की। आयुर्वेद, योग और सनातन परंपरा से प्रभावित एंजालिक पिछले 15 वर्षों से उदयपुर आ रही हैं।

2 min read
Google source verification
French Couple Marries With Hindu Rituals In Udaipur Inspired By Indian Tradition

एंजालिक और सेडरिक हिंदू रीति से विवाह करते हुए। फोटो: पत्रिका

Udaipur Destination Wedding: झीलों की नगरी उदयपुर में गुरुवार को एक खास अंतरराष्ट्रीय विवाह देखने को मिला। फ्रांस की एंजालिक और उनके पार्टनर सेडरिक ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर विवाह किया। सुबह हल्दी और मेहंदी की रस्में हुईं, जबकि रात को मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर दोनों विवाह बंधन में बंध गए।

उदयपुर बना दूसरा घर

एंजालिक पिछले 15 वर्षों से भारत और खासतौर पर उदयपुर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने यहां आयुर्वेद और योग सीखा। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से प्रभावित होकर उन्होंने इसे अपने जीवन का हिस्सा बना लिया। वर्तमान में वे फ्रांस में योग सिखा रही हैं और वहां भारतीय योग का प्रचार कर रही हैं।

एंजालिक का कहना है कि भारत ने उन्हें आध्यात्मिक सोच और संतुलित जीवन जीने की सीख दी। उदयपुर की शांति, संस्कृति और लोगों का अपनापन उन्हें हमेशा यहां खींच लाता रहा। इसी कारण उन्होंने शादी के लिए भी उदयपुर को चुना।

पांच साल से साथ आ रहे सेडरिक

सेडरिक भी पिछले पांच साल से एंजालिक के साथ भारत आ रहे हैं। उन्होंने भी यहां की परंपराओं और वैदिक संस्कारों को समझा। दोनों ने मिलकर तय किया कि वे हिंदू रीति से विवाह करेंगे। सेडरिक ने कहा कि भारतीय विवाह दो लोगों ही नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का मिलन होता है। अग्नि के सामने सात फेरे लेना उनके लिए खास अनुभव रहा।

सुबह हल्दी-मेहंदी, रात को विवाह

गुरुवार सुबह हल्दी की रस्म हुई। परिवार और मित्रों ने दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मेहंदी समारोह में एंजालिक के हाथों पर पारंपरिक डिजाइन बनाई गई। रात को सजे मंडप में पंडित ने विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और साथ निभाने का वचन दिया। शादी में भारतीय परिधान और पारंपरिक सजावट आकर्षण का केंद्र रही।

सनातन परंपरा से प्रभावित

एंजालिक का कहना है कि सनातन धर्म की भावना ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ ने उन्हें सबसे अधिक प्रभावित किया। योग और आयुर्वेद के जरिए उन्होंने भारतीय दर्शन को अपनाया। अब वे फ्रांस में अपने विद्यार्थियों को भारतीय जीवनशैली के बारे में भी बताती हैं। उनके अनुसार, हिंदू विवाह के सात वचन जीवन को संतुलित और जिम्मेदार बनाने की सीख देते हैं। इसी वजह से उन्होंने चर्च वेडिंग के बजाय हिंदू रीति से विवाह का निर्णय लिया।

सांस्कृतिक समन्वय की मिसाल

विदेशी जोड़े ने सनातन परंपरा से विवाह कर एक सकारात्मक संदेश दिया है। एंजालिक और सेडरिक ने बताया कि भारतीय संस्कृति की जड़ें मजबूत हैं और दुनिया भर के लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं।शादी का फंक्शन उदयपुर के अबार रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया।

एंजालिक पिछले 15 वर्षों से उदयपुर आती रही हैं। उनके मित्र हेमंत सोनी ने बताया कि एंजालिक का उदयपुर से गहरा लगाव हमेशा रहा है। सेडरिक भी पिछले पांच साल से एंजालिक के साथ भारत आ रहे हैं और उन्होंने भारतीय परंपराओं को समझते हुए हिंदू रीति से विवाह करने का निर्णय लिया।