
विरोध कर रहे लोगों के डर से ग्राम पंचायत ने बदली पुरानी स्वीकृति
उदयपुर/ भटेवर. वल्लभनगर उपखण्ड क्षेत्र में प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के समीप एक भूखण्ड पर शुरू हुए निर्माण का विरोध शुक्रवार को चरम पर पहुंच गया। ग्राम पंचायत भवन में निर्माण को लेकर होने वाले अहम फैसले से पहले लोगों की भीड़ ने पंचायत भवन को घेर लिया। ढोल नगाड़े बुलाकर लोगों को इक_ा किया। साथ ही लोगों ने भूखण्ड को लेकर पिछले सरपंच के कार्यकाल में दी गई स्वीकृति को बदलने की मांग की। विरोध स्वरूप लोगों ने पंचायत कार्यालय के सामने टायर भी जलाए। एक बारगी मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर के पांच थानों का जाब्ता तैनात किया गया। बाद में लोगों के दबाव में 4 घंटे तक चली आपात बैठक में सरपंच व वार्ड पंचों ने जनहित को देखते हुए पूर्व सरपंच के कार्यकाल में चली पत्रावली को निरस्त करने, पंचायत कोष में जमा ६१ हजार रुपए लौटाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया। सहमति से लिए गए निर्णय को ग्राम विकास अधिकारी ने कार्यालय के बाहर आकर सुनाया। इसके बाद व्यापार मंडल और ग्रामीण प्रस्ताव की प्रति लेकर उपखण्ड कार्यालय पहुंचे और विकास अधिकारी को कार्यालय में बुलाने को अड़े रहे। एसडीएम गोपाल परिहार ने समझाइश कर पत्रावली को निरस्त करने के लिए प्रतिनिधि मंडल को विकास अधिकारी भींडर कार्यालय के लिए रवाना किया। बता दें कि पूर्व में भूखण्ड में जारी निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने व्यापार मंडल के साथ दो दिन पूर्व उपखण्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद हालात को देखते हुए प्रशासन ने निर्माण को ढहा दिया था।
इनकी थी मौजूदगी
ग्राम पंचायत वल्लभनगर के विकास अधिकारी के निर्देश पर भूखण्ड निर्णय को लेकर बुलाई आपात बैठक में सरपंच रूपगिरी गोस्वामी, उपसरपंच मंजू लौहार, वार्डपंच हेमेन्द्र मालवीय, जगदीश डांगी, धर्मराज भील, कालूलाल भील, राजमल आमेटा, मंजुला पुजारी, चन्द्र प्रकाश, मोहनी देवी, राजेन्द्र प्रसाद उपाध्याय, पूरणमल तेली, गोविन्द सरगरा, लच्छीराम गुर्जर, नारायणी देवी डांगी, पंचायत समिति सदस्य कमलेश पोखरणा, पंचायत प्रसार अधिकारी दौलत सिंह, आनंदी लाल चौहान, ग्राम विकास अधिकारी चैन सिंह यादव मौजूद थे।
पांच थानों का जाप्ता
हकीकत में विरोध और बिगड़ते माहौल के बीच पंचायत का कोरम पूरा होना मुश्किल दिख रहा था। जनप्रतिनिधि भीड़ से सहमे हुए थे। इस बीच जनप्रतिनिधयों को विश्वास में लेने के लिए वल्लभनगर, भींडर, मावली, खेरोदा व डबोक थाने का जाप्ता यहां लगाया गया। तहसीलदार संदीप अरोड़ा भी पंचायत कोरम की बैठक का निरीक्षण करने पहुंचे।
Published on:
13 Jul 2019 06:00 am
