
उदयपुर . शराब नहीं पीने का उलाहना देने पर नशेड़ी ने पत्नी के साथ इतनी निर्ममता से मारपीट की कि उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका आरोपी के पास नाते आई थी। महिला की मृत्यु के बाद न तो पीहर पक्ष और ना ही ससुराल पक्ष शव लेने आया। ऐसे में तीन दिन इंतजार के बाद पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव का अंतिम संस्कार करवाया। मृतका की तीन मासूम बेटियों को बाल कल्याण समिति ने आश्रय दिलाया है।
लसाडिय़ा हाल सुखेर कच्ची बस्ती निवासी शंकरी उर्फ शारदा के साथ उसके पति शंकर रावत ने 22 अप्रेल को मारपीट की थी। गंभीर हालत में दो दिन तक शंकरी को घर पर ही रखा। आस पड़ोस के लोगों ने 24 अप्रेल को उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। 27 अप्रेल को शंकरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाकर शव सौंपने के खूब प्रयास किए लेकिन कोई नहीं आया। ऐसे में पुलिस ने महाराणा प्रताप संस्था के जरिये शव का अन्तिम संस्कार करवाया। शंकरी और शंकर ने नाता विवाह किया था जिससे दोनों पक्ष खफा थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Published on:
02 May 2019 12:20 pm
