
धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
मावली (निप्र). मावली थाना पुलिस ने रविवार को नकली सोना देकर डेढ़ लाख रुपए हड़पने एवं धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को दबोचा। थानाधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि शनिवार को कस्बे के गारियावास क्षेत्र में परिवादी अर्जुनलाल खटीक निवासी देलवाड़ा से कुछ व्यक्तियों ने नकली सोना देकर डेढ़ लाख रुपए हड़प लिए थे। इस संबंध में थाने में मामला दर्ज करवाया गया था। प्रार्थी ने बताया कि एक व्यक्ति उसके गांव देलवाड़ा आया। उस व्यक्ति ने उसे मजदूरी के दौरान जमीन खोदते समय सोना मिलने की बात बताई। साथ ही विश्वास में लेकर प्रार्थी से मोबाइल नंबर लिए तथा बातचीत शुरू की। इसके बाद 20 अक्टूबर को मोबाइल से प्रार्थी अर्जुनलाल को कस्बे के गारियावास क्षेत्र में बुलाया। जहां 4 व्यक्तियों ने सोने के छोटे छोटे मोती की भांति टुकड़ों को प्रार्थी को दे दिया तथा प्रार्थी से डेढ़ लाख रुपए लेकर चारों फरार हो गए। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणसिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मावली हिम्मतसिंह देवल के निर्देशानुसार मावली थानाधिकारी घनश्यामसिंह ने रविवार को उपनिरीक्षक अमराराम मीणा, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हरिओम, रामफुल टीम गठित की तथा जगह-जगह दबिश दी। विशेष टीम ने मोगाणा गांव से रविवार को ललित पुत्र मुुन्ना भूरिया भील निवासी नवाफली(कोटड़ा) थाना पिटोल जिला झाबुआ, मध्यप्रदेश एवं अणसिंह पुत्र थावरिया उर्फ भावरिया भूरिया भील निवासी कोटड़ा थाना पिटोल को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि शेष 2 आरोपियों की तलाश जारी है।
अजगर पकड़ा
जावर माइंस. सराड़ा तहसील अन्तर्गत ग्राम पंचायत सिंघटवाड़ा के तलाब फ ला गांव में अजगर पकड़ा गया। अपने खेत की पाल के पास झाडिय़ों में अजगर बेैठा देख लिम्बाराम ने उप सरपंच गौतम लाल को इसकी जानकारी दी। उनकी सूचना पर वन विभाग से कैलाश मेघवाल मौके पर पहुंचे व ग्रामीण नारूलाल, मोतीलाल, महेन्द्र, वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष शंकरलाल, सहायक वनपाल रामचन्द्र आदि के सहयोग से अजगर को बांध कर झाडिय़ों से निकाला। वन विभाग की टीम ने अजगर को केवड़ा वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया।
Updated on:
22 Oct 2018 02:19 am
Published on:
22 Oct 2018 02:19 am
