
झीलों की नगरी को लगी भूमाफियाओं की लगी नजर, अब गुस्सा फूटा
उदयपुर. lakecity udaipur झीलों की नगरी उदयपुर को भू-माफियाओं की नजर लग गई है। सरकारी खातों में दर्ज चारागाह व बिलानाम जमीनों पर प्रभावशाली भूमाफिया कब्जा जमाने में लगे हैं। ऐसी ही खामियों को लेकर मंगलवार को शिवसेना प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। शिवसेना मीडिया प्रभारी गौरव नागदा के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकारी जमीनों पर हो रहे ऐसे ही अतिक्रमण को चिन्हित कर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग को दोहराते हुए मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। शिवसेना ने आरोप लगाया कि बडग़ांव तहसील के राजस्व गांव बड़ी, पालड़ी, कटारा एवं समीपवर्ती क्षेत्र में चारागाह भूमि व बिलानाम भूमि पर पिछले कुछ समय से सक्रिय भूमाफिया जमीनों को खुर्द-बुर्द कर रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार नगर विकास प्रन्यास के अधिकारियों को, तेहसीलदार को, पटवारी को की जा जा चुकी है। लेकिन, भीतरी सांठ गांठ के चलते माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है। बडग़ंाव तहसील में लगभग 300 बीघा जमीन पर अतिक्रमण बना हुआ है। सूचना के बावजूद पंचायत प्रशासन और जिम्मेदार कार्रवाई से बच रहे हैं। आरोप है कि कार्रवाई में सक्षम लोगों के ही परिजन और नजदीकी रिश्तेदार अवैध कृत्य में लिप्त हैं। इसके चलते प्रशासनिक अमला कार्रवाई करने में असहाय बना हुआ है।
आपत्ति जता रहे लोगों की मानें तो सर्वोच्च न्यायलय के आदेश एवं राजस्थान भू. राजस्व अधिनियम 1956 की धारा 91 के तहत किसी भी सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण करने एवं कब्जा करने वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने व लगान की 50 गुना राशि भू.राजस्व के बकाया के तौर पर वसूली करने का प्रावधान है। शिवसेना की ओर से दी गई शिकायत में खसरा नंबर सहित अतिक्रमण की जानकारी दी गई। बताया कि बड़ले वाली तलाई के पास: फतहसागर व चिकलवास नदी का केचमेंट एरिया के लगभग 80 से 100 बीघा सरकारी भूमि, जिसमें चारागाह, बिलानाम व यूआईटी के संरक्षण मे तथा बडग़ांव, पालड़ी, कटारा लिंक रोड के किनारे पर है।
बडग़ांव तहसील के रामगिरी की पहाड़ी पर बसी कच्ची बस्ती को हाईकोर्ट के आदेश से वर्ष 2016.17 मे हटाया गया, परंतु अतिक्रमियों की ओर से पहाड़ी के नीचे वाली नदी व तलाई के केचमेंट् वाली जमीन पर पुन: बस्ती बसा ली गई। lakecity udaipur वरिष्ठ नागरिक शांतिलाल मेहता, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच की महिला जिला अध्यक्ष मंजू सोलंकी, बीएल नागदा, विशाल गोयल, चंद्र प्रकाश जैन, रतन मीणा एवं अन्य ने जिला कलक्टर से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
Published on:
02 Oct 2019 06:00 am
