
हमें छोड़ दुनिया से चली गई मां
उदयपुर. सलूम्बर. कस्बे में स्थित सरकारी भवन के बरामदे में शुक्रवार को महिला का शव बरामद हुआ।
नगर पालिका के नवनिर्मित फायर स्टेशन भवन के बरामदे में महिला का शव पड़ा होने की सूचना पर थानाधिकारी रामेश्वर लाल चौहान मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। महिला की शिनाख्त सुरता उर्फ सीमा मीणा (३०) पत्नी कांति लाल मीणा निवासी बलुआ हाल मुकाम सलूंबर के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई। उनकी उपस्थिति में पोस्टमार्टम करवा शव सुपुर्द किया गया। महिला के शव के पास उसके दो छोटे बच्चे बैठे थे। इनमें एक दूधमुंहा था। बड़ा भाई उसे बोतल से दूध पिला रहा था।
जीप व बाइक की टक्कर में दो छात्रों की मौत
परसाद.परसाद थानान्तर्गत अन्तर्गत नेशनल हाईवे 8 पर शुक्रवार तड़के जीप ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
एएसआई प्रतापसिंह झाला ने बताया कि डूंगरपुर जिले के गन्धवापाल निवासी विवेक (24) पुत्र रणछोड़ मीणा एवं मनीष मीणा(23) पुत्र कान्तिलाल रोत बाइक पर उदयपुर से डूंगरपुर अपने घर जा रहे थे तभी पीपली के पास आम्बाघाटी क्षेत्र में पीछे से तेज गति से आ रही जीप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियन्त्रित होकर हाइवे के सिक्स लेन पर सीमेन्टेड ब्लॉक से जा टकराई। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। एम्बुलेन्स के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। चालक जीप छोड़कर फरार हो गया।
हाइवे की एम्बुलेन्स से शवों को परसाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
विवेक मोहनलाल सुखाडिय़ा विवि से एलएलबी तृतीय वर्ष व मनीष बीएससी कर रहा था ।
परिजनों की ओर से परसाद थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।
Published on:
21 Sept 2019 02:57 am
