
Video : महाआरती संग ‘ईशानंद’ को शुभाशीष, श्रीकृष्ण के भजन पर झूमी नीता अम्बानी
मधुलिका सिंह/भगवती तेली/उदयपुर. दुनिया की निगाहों में शनिवार को उदयपुर छाया रहा। ईशा-आनंद की प्री-वेडिंग सेरेमनी में शिरकत करने जहां बॉलीवुड व हॉलीबुड के सितारे पहुंचे। राजनीति, फिल्म जगत के साथ उद्योग जगत की हस्तियां भी पहुंची। करीब 500 कम्पनियों के सीईओ यहां थे। विदेशी मेहमानों से भी शहर गुलजार रहा। देश के साथ कई विदेशी सेलिब्रिटीज भी कार्यक्रम के साक्षी बने। सोशल मीडिया पर जहां उदयपुर ने ट्रेंड किया, वहीं यहां हुए कार्यक्रम भी छाए रहे। जैसे ही रात गहराई, वैसे ही उदयपुर की पिछोला झील नीली रोशनी से जगमगा उठी। पिछोला किनारे होटल भी रंगीन रोशनी से नहाए। झील किनारे श्रीनाथजी की 20 फीट ऊंची सफेद प्रतिमा और आसपास बनाया गया मंदिर का पूरा सेट जगमगाता रहा।
महाआरती के दौरान जगमगा उठी झील
महाआरती के दौरान लेजर लाइट ने आकर्षण बढ़ाया तो स्पेशल फायर इफेक्ट से झील का पानी भी जगमगा उठा। लाइटिंग से श्रीनाथजी के पीछे चक्र चलता रहा, मूर्ति लाइटिंग से डांस की मुद्रा में नजर आई। हरेराम,हरे राम-हरे कृष्णा हरे कृष्णा की आरती गूंजती रही और विशेष तौर पर बुलाए गए पंडितों ने आरती संपन्न कराई। साथ ही मेहंदी की रस्म भी शुरू हो गई। मेहंदी की रस्म के लिए होटल को गुलाबी फूलों से सजाया गया। फिर शुरू हुई जमीं के सितारों की परफोर्मेंस, जिसमें एक से बढक़र एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। अंबानी व पीरामल परिवार के सदस्यों ने भी इसमें परफॉर्म किया। ईशा ने मेहंदी की रस्म के लिए गुलाबी लहंगा पहना था जिसमें वे बेहद खूबसूरत नजर आईं।
Published on:
09 Dec 2018 01:06 pm
