
सलूंबर में अज्ञात बीमारी से 2 मासूमों की मौत, पत्रिका फोटो
Salumbar Mysterious Disease: सलूंबर जिले में बच्चों की अज्ञात बीमारी से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व में 13 बच्चों की मौत के बाद अब लसाड़िया के खजूरी पंचायत के कुंडा गांव में बीते 24 घंटों में दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों से इलाके में भय का माहौल है। गौरतलब है कि पूर्व में हुई मौतों के बाद जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग की ओर से इस इलाके में सर्वे और जांच के लिए कैम्प भी लगाए गए थे। इसके बाद भी बीमारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सलूंबर जिले के लसाड़िया उपखंड क्षेत्र के घाटा और लालपुरा गांवों में पिछले एक से 7 अप्रेल के दौरान 5 दिन में पांच मासूम बच्चों की मौत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बीमारी से हुई इन मौतों के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मिली जानकारी जानकारी के अनुसार बच्चों में तेज बुखार, उल्टी और ऐंठन जैसे लक्षण सामने आए थे। परिजन बीमार बच्चों को पहले धरियावद CHC ले गए, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें प्रतापगढ़ और फिर उदयपुर रेफर किया गया। कुछ बच्चों की मौत रास्ते में ही हो गई, जबकि कुछ ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, कुंड़ा गांव में अज्ञात बीमारी से आशु (6) पुत्री तेजा की गुरुवार दोपहर 12 बजे और उसकी चचेरी बहन रुसा (6) पुत्री तनिया की शुक्रवार तड़के 3 बजे मौत हो गई। रुसा के शव का शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। इसी गांव की लक्ष्मी (15) पुत्री नंगराज को उल्टी के बाद बेहोशी की हालत में लसाड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ महेन्द्र
परमार भी गांव पहुंचे।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी के निर्देशन में तत्काल 7 मेडिकल टीम बनाकर क्षेत्र में सर्वे शुरू कर दिया है। मेडिकल टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रही है। गांव में बच्चों व परिजनों के रक्त सहित अन्य सैंपल लिए गए हैं। पशुपालन विभाग ने भी पशुओं का सर्वे कर सैंपल लिए हैं, ताकि किसी भी संभावित कारण का पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि जिले के लसाड़िया क्षेत्र के लालपुरा-घाटा और प्रतापगढ़ जिले के पारसाला क्षेत्र में इसी महीने में अज्ञात बीमारी से 13 बच्चों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं।
पत्रिका से विशेष बातचीत में सलूंबर सीएमएचओ महेंद्र परमार ने कहा कि 12 अप्रेल तक जिले में 7 मौत के बाद से लगातार मॉनिटरिंग जारी है। दो तीन दिन पहले ही कुंडा गांव में जांच टीम गई थी, पूरे क्षेत्र में जांच की गई। उस समय यहां कोई रोगी या किसी में बीमारी के लक्षण नहीं मिले। मृतक आशु के परिवार वालों का कहना है कि सिर्फ 2 घंटे में तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। आज सात टीमों ने घर-घर जाकर सर्वे किया। शनिवार से इलाके में और टीमें बढ़ाएंगे।
लसाड़िया (सलूम्बर) क्षेत्र
घाटा गांव में 2
लालपुरा गांव में 3
कालीभींत गांव में 1
अमलोदा में 1
घटेला में 1
भूंगाभट्ट में 1
धोली मगरी में 2
महूड़ीखेड़ा में 2
उदयपुर संभाग के दौरे पर आए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शनिवार को लसाड़िया और धरियावद के दौरे पर रहेंगे। जूली शनिवार सुबह घाटा एवं लालपुरा गांव में अज्ञात बीमारी से हुई मौतों के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेंगे।
Updated on:
25 Apr 2026 08:27 am
Published on:
25 Apr 2026 07:40 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
