
‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ देख मचा रहे ‘धूम’ रानीरोड ही नहीं, अब हर खुली रोड पर युवा कर रहे स्टंट
मो. इलियास/उदयपुर . रानीरोड-शिल्पग्राम मार्ग के अलावा अब युवा शहर के गली-मोहल्लों व खुली सडक़ों पर तेज गति से बाइक चलाकर स्टंट कर खुद एवं राहगीरों की जान को खतरा डाल रहे हैं। जनसहभागिता बैठक में मुद्दा उठने पर पुलिस ने इन बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की तो सामने आया कि इन्होंने हॉलीवुड फिल्म ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ एवं बालीवुड फिल्म ‘धूम’ को यूटब पर डाउनलोड कर स्टंट सीखे। रफ्तार पर बनी इन फिल्मों को देखकर ही वह स्पोट्र्स बाइक लेकर आए और प्रतिदिन देखादेखी में आधे-अधूरे स्टंट कर मौत को बुलावा दे रहे हैं। पूरी तरह से प्रशिक्षित नहीं होने के बावजूद वे कई स्टंट कर रहे है। सबसे मजे की बात है कि बिना लाइसेंसी के यह बाइकर्स लड़कियों को शक्ल दिखाने के लिए हेलमेट तक नहीं पहन रहे।आईजी विशाल बसंल की ओर से हाल ही थानों में ली गई जनसहभागिता की बैठकों में लोगों ने स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने सभी थाना पुलिस व ट्रॉफिक पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए थे। तीन दिन की कार्रवाई में पुलिस ने नियम तोडऩे वालों के कई चालान बनाए लेकिन इनमें तेज स्पीड से बाइक चलाने व स्टंट करने वाले 128 जने धरे गए।
नियम कायदों को तोड़ रहे युवा
प्रशिक्षित स्टंट बाइकर्स का कहना है कि महंगी बाइक से स्टंट स्पोट्र्स में शामिल है लेकिन इसके पूरे नियम कायदे बने हुए हैं। यह बाइक बिना सुरक्षा व उपकरणों नहीं चलाई जा सकती है। प्रशिक्षित ट्रेनर के नेतृत्व में इसे बिना यातायात वाले चिह्नित स्थान पर ही चलाया जा सकता है। इसके लिए बकायदा प्रशासनिक अनुमति भी होना जरुरी है। वर्तमान में बाइकर्स रानी रोड पर झील किनारे के अलावा शहर में हाल में ही बनी सौ फीट खुली नई सडक़ों पर बाइकर्स स्पीड के साथ स्टंट कर रहे हैं, जो सुरक्षित नहीं है
करीब 200 बाइक हैं शहर में
पुलिस व परिवहन विभाग के अनुसार शहर में ८० हजार से लेकर ७ लाख की कीमत की करीब दो सौ महंगी बाइक हैं जिससे बाइकर्स स्टंट कर रहे हैं। ये सभी पावर बाइक्स स्टंट के लिए खतरनाक है। पुलिस ने बाइकर्स से पूछताछ पर बताया कि शहर में कुछ प्रशिक्षित स्टंट बाइकर्स भी है, जो यहां ट्रेक नहीं होने पर चुनिंदा सडक़ों पर स्टंट करते है। उनकी देखादेखी अभी कई युवा स्टंट कर रहे हैं। इनमें तेज गति से बाइक के दौरान अचानक ब्रेक लगाकर बाइक को एक व्हील पर खड़ी करना, चलती बाइक पर दोनों पैर एक तरफ करना, साइलेंसर खोल कर फटी आवाज में बाइक को तेज गति से भगाना, स्टैंड या अलग से पत्ती लगाकर रात के समय सडक़ पर स्पीड से दौड़ाकर आग की चिंगारी निकालना शामिल हैं।
Published on:
22 Aug 2018 03:55 pm
