
notice for encroachment
उदयपुर/ झाड़ोल. notice for encroachment खाखड़ बस स्टैण्ड से गुजरते हाई-वे पर नाले के किनारे अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस, राजस्व कर्मचारियों के बैरंग लौटने का मामला तूल पकड़ रहा है। इससे अतिक्रमी के हौंसले बुलंद बने हुए हैं। टीम वापसी के बाद अतिक्रमी की ओर से तैयार किए गए ढांचे पर टीन शेड बिछाने का सिलसिला शुरू हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले अप्रेल और जुलाई में ग्रामीणों ने अतिक्रमण के विरोध में स्वर तेज करते हुए इसकी शिकायत उपखण्ड अधिकारी से की। एसडीओ के आदेश पर तहसीलदार ने नायब तहसीलदार को निर्देश दिए। जवाब में आए पटवारी अतिक्रमी को पाबंद किया। इसके बाद भी अतिक्रमी ने दुकान का कार्य बंद नहीं किया और पूरी दुकान तैयार हो गई।
आंदोलन की चेतावनी
इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर अवैध निर्माण कार्य जारी है। हाई-वे से महज 10 फीट दूरी पर लोगों को इस निर्माण के चलते देखने में दिक्कतें आ रही हैं। पहले भी यहां पर दो-तीन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों को अब मामले में जिला कलक्टर से कार्रवाई की उम्मीद है। सरपंच पति धूलीलाल वडेरा, देवीलाल, भेरा, प्रकाश, गोपाल, रूपलाल, मांगीलाल, खेमराज, दिनेश, लालूराम, ककुआ, शान्तिलाल सहित अन्य लोगों ने ज्ञापन सौंपा।
कार्रवाई को लिखा
अतिक्रमण की शिकायत पहले भी आई थी। तहसीलदार को अवगत कराया है। साथ ही कार्रवाई के लिए पाबंद किया है।
पर्वतसिंह चूण्डावत, उपखण्ड अधिकारी, झाड़ोल
हटवा दिया जाएगा अतिक्रमण
मंगलवार को टीम भेजकर अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा।
विमलेन्द्र सिंह राणावत, तहसीलदार, झाड़ोल
Published on:
23 Jul 2019 06:00 am
