मामले में राजस्थान पत्रिका की ओर से सिलसिलेवार प्रकाशित खबरों के बाद राज्यपाल कटारिया ने जिला कलक्टर सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा था। इसके बाद बुलाई गई बैठक में कलक्टर ने कहा कि कुछ दिनों से शिकायतें मिल रहीं है कि एयरपोर्ट एवं शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए ओला-उबर कैब संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने वाहन चालकों से कहा कि आने वाले पर्यटक हमारे मेहमान हैं और उनके यहां आने से आपको रोजगार मिलता है। ऐसे में सभी का दायित्व है कि उन्हें पूर्ण ईमानदारी एवं सेवाभाव के साथ गंतव्य तक पहुंचाए। कलक्टर ने यह भी कहा कि पर्यटकों व यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्यटन सिटी की साख बनी रहे।