
सरकार के विरोध में सड़क पर उतरा समाज, चेताया और जताई नाराजगी
उदयपुर/ सलूम्बर. Protest against administration by villagers राजस्व जमाबंदी और जाति प्रमाण-पत्र पर सरकारी मुहर के साथ दमामी और नंगारची समाज को गैर हिन्दू और मुस्लिम धर्मावलंबी बताने का विवाद सोमवार को शहर मुख्यालय पर गरमाया रहा। आक्रोश में सड़कों पर उतरे समाज प्रतिनिधियों ने रणधवल राजपूज एवं क्षत्रिय नगारची दमामी समाज के बैनर तले रैली निकाली और सरकार के विरोध में जिला कलक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। हिन्दू संगठनों के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधियों ने पहले नगर निगम परिसर में जमावड़ा लगाया और समाजजनों को वरिष्ठों ने संबोधित किया। इसके बाद समाजजन सरकार विरोधी नारेबाजी के साथ रैली के तौर पर कई हिस्सोंं से होते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद रैली ने चेतक सर्किल पर विरोध प्रदर्शन किया और संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री के नाम पर प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे गए ज्ञापन में समाज प्रतिनिधियों ने बताया कि वह हिन्दू धर्म से जुड़े हुए हैं। उनकी कई पीढिय़ा सनातन धर्म को मानती आई हैं। रहन-सहन और रियासतकाल से उनके संबंध हिन्दू समाज से है। ऐसे में सरकारी रेकॉर्ड में उन्हें मुस्लिम धर्मावलंबी बताना नियमानुसार गलत है। सरकारी गलती का अपमान उन्हें सामाजिक मंच पर भी झेलना पड़ रहा है। राजस्थान सहकारिता विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के क्रम संख्या 56 पर जो सारी जातियां हैं। उसमें दमामी नगारची और रणधवल राजपूत जातियां हैं। उनको 2009 में सरकार की ओर से गैर मुस्लिम एवं मुस्लिम करार दिया गया है। प्रतिनिधियों ने सरकारी तंत्र में पसरी खामी को दूर करने की गुहार लगाई और भविष्य में व्यवस्था सुधार नहीं होने पर राज्य व्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। बता दें कि राजस्थान पत्रिका ने 17 नवम्बर को प्रकाशित अंक में दमामी व नंगारची समाज गैर हिन्दू बताने वाले सरकारी दस्तावेजों का खुलासा किया था।
इनकी रही मौजूदगी
रणधवल राजपूत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भग्वेंद्र सिंह नागोला, उपाध्यक्ष जगत सिंह, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण सिसोदिया, कोषाध्यक्ष आकाश सिंह राठौड़, विक्रम सिंह सिसोदिया ,मनीष पंवार, क्षत्रिय दमामी समाज अध्यक्ष देवीलाल दातिया, भवानी शंकर, तेजराम , गोवर्धन लाल ,श्यामलाल पवार, अशोक भाटी, बीरबल पंवार (पार्षद ), शाहपुरा, गोवर्धन लाल, ( अखिल क्षत्रिय दमामी समाज मेवाड़ खोड़ा नाथ कार्यकारिणी), कमलेंद्र सिंह पंवार बजरंग सेना मेवाड़ ,करण वीर सिंह राठौड़ संस्थापक नागणेश्वरी क्षत्रिय महासभा, रमेश राज सुवालका अध्यक्ष मेवाड़ शिव सेवा ,चंदू भाई समाजसेवी, रणजीत खोखर तथा और भी सर्व हिंदू समाज संगठन मौजूद थे
Published on:
03 Dec 2019 06:00 am
