
हल्की फुहारों के साथ मौसम हुआ खुशनुमा
उदयपुर. गत तीन दिन से चल रहा बारिश का सिलसिला शुक्रवार को टूट गया। शहर में हल्की फुहारों के अलावा कहीं बारिश नहीं हुई। इधर, कुछ देर के लिए बादलों की ओट से सूरज भी निकला। पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। शहर में सुबह की शुरुआत बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी से हुई। दोपहर तक यही दौर चलता रहा। दोपहर में घने बादल छा गए, लेकिन बारिश नहीं हुई। इस दौरान शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारें जरूर गिरी। इधर, मौसम सुहाना होने के चलते शहर के आसपास मौजूद पिकनिक स्पाॅॅट पर शहरवासियों की खासी भीड़ रही। शाम को फतहसागर, दूधतलाई, सुखाडिय़ा सर्कल आदि जगहों पर लोग परिवार सहित पहुंचे और गर्म व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
12 फीट हुआ मदार बड़ा
शहर की प्रमुख झील को भरने में सहायक मदार बड़ा और छोटा में पानी की आवक हो रही है। ऐसे में दोनों ही तालाबों में पहली ही बारिश में पानी की अच्छी आवक हुई है। मदार बड़ा के केचमेंट एरिये में दो दिन लगातार बारिश होने से इसका गेज 12 फीट से ऊपर निकल गया है, वहीं मदार छोटा का गेज भी सात फीट से ऊपर निकल गया है। इधर, केचमेंट एरिये में बारिश नहीं होने के कारण पिछोला में पानी की आवक कम हो गई है।
कहां कितनी बारिश
सिंचाई विभाग के अनुसार सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटों में उदयपुर में 11, सलूंबर 13, उदयसागर 31, वल्लभनगर 45, बागोलिया 15, ओगणा 15, सोम पिकअप वियर 15, मदार 22, सेमारी में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जोगी तालाब की परिधि में बन रही रिंग रोड
उदयपुर. जोगी तालाब के विकास और सौन्दर्यकरण को लेकर यूआईटी की ओर से किए जा रहे कार्यों का गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। कटारिया ने जोगी तालाब क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए रिंग रोड पर होने वाले पौधरोपण की जानकारी ली। कटारिया ने पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। यूआईटी चेयरमैन रवीन्द्र श्रीमाली ने बताया कि तालाब की परिधि में 840 मीटर लम्बी और 40 फीट चौड़ी रिंग रोड बन रही है। इस दौरान ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, गिर्वा प्रधान तख्तसिंह शक्तावत, न्यास सचिव रामनिवास मेहता, विशेषाधिकारी ओपी बुनकर, अधीक्षण अभियन्ता संजीव शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता अनित माथुर, सहायक अभियन्ता सुरेश जैन मौजूद थे। इसके बाद कटारिया ने दक्षिण विस्तार योजना में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत निर्माणाधीन 1152 (जी-3) फ्लेट्स के कार्य का निरीक्षण किया।
Published on:
30 Jun 2018 02:19 pm
