31 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेपर लीक प्रकरण: सरगना शेरसिंह की प्रेमिका ने खोले राज

पुलिस ने प्रेमिका को किया था गिरफ्तार, शेरसिंह की कमाई से महिला मित्र ने खरीदी थी प्रोपर्टी, मुख्य सरगना के संपर्क में रही, उसे पनाह भी देती रही

2 min read
Google source verification
RPSC Paper Leak Case: Gujarat connection of paper mafia car

आरपीएससी सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण में फरार चल रहे ईनामी सरगना शेरसिंह मीणा की महिला मित्र को गिरफ्तार किया गया है। महिला बैंककर्मी होने के बावजूद शेरसिंह की कमाई में हिस्सेदार रही है। उस पर आरोपी से संपर्क में रहकर सहयोग करने और पनाह देने का आरोप है।

एसपी विकास शर्मा ने रविवार शाम पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि मूलत: झुंझुनूं हाल जयपुर निवासी अनिता मीणा को गिरफ्तार किया गया है। उसे उदयपुर पुलिस ने जयपुर से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे उदयपुर लेकर आई, जहां सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला अनिता मीणा विवाहित है और एक बैंक में कर्मचारी है। वह शेरसिंह की सहयोगी रही और साथ काम करती रही है। पेपर लीक करने में उसकी भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। वह अनिल उर्फ शेरसिंह की ओर से पेपर लीक किए जाने सहित तमाम तरह की जानकारी रखती है। वह लम्बे समय से शेरसिंह से संबंध में रही। दोनों ने काली कमाई से प्रोपर्टी भी साथ खरीद रखी है।

गांव में पूछताछ पर खुला नाम:
एसपी ने बताया कि पेपर लीक केस से जुड़े आरोपियों को एक के बाद एक गिरफ्तार किया जा रहा है। पेपर का सौदा करने वाले मुख्य आरोपी शेरसिंह को पकडऩे के लिए उदयपुर पुलिस की टीम एक माह से जयपुर और आसपास में छानबीन कर रही है। जयपुर और शेरसिंह के गांव में पूछताछ के दौरान उसकी महिला मित्र का नाम सामने आया। ऐसे में पुलिस ने आरोपी महिला के बारे में छानबीन की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब गिरफ्त में आएगा शेरसिंह:
पेपर का सौदा 40 लाख में करने वाले शेरसिंह के सबसे करीब आरोपी महिला अनिता मीणा ही रही है। वह शेरसिंह के ठिकाने और उसके बारे में तमाम जानकारी रखती है। अब महिला से शेरसिंह के बारे में पूछताछ की जा रही है। ऐसे में उसके जल्द पकड़ में आने की उम्मीद है।

एक माह पहले निलम्बित हुआ:
आरोपी अनिल उर्फ शेरसिंह राउमावि भावरी स्वरूपगंज आबूरोड सिरोही में उपप्रधानाचार्य था। उदयपुर पुलिस ने उस पर 5 हजार का इनाम भी घोषित किया था। केस में नाम आने पर शिक्षा विभाग ने उसे निलम्बित कर दिया। उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी को पेपर लीक होना सामने आया था। इस संबंध में बेकरिया थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।