
स्लरी से गहराया फसलों का संकट
उदयपुर/ गोगुंदा. क्षेत्र की चोरबावड़ी ग्राम पंचायत में बने मार्बल डंपिंग यार्ड में बीती रात अज्ञात लोग स्लरी के साथ रासायनिक केमिकल डाल गए। बरसात में स्लरी पानी के साथ बहकर नहर तक पहुंचेगा। वहीं नहर का पानी मदार तालाब व फतहसागर में पहुंचकर पानी को प्रदूषित करेगा। स्लरी के साथ डाला जा रहा केमिकल अब क्षेत्रीय किसानों की फसलों पर संकट बना हुआ है। मामले का खुलासा होने के बाद स्थानीय किसानों ने समस्या को लेकर आक्रोश जताया।
ग्रामीणो का आरोप है कि चोरबावड़ी मे स्थित डंपिंग यार्ड से पहले से ही समीपवर्ती ग्रामीणों की खेतों की फसलें प्रभावित हैं। बारिश के दिनों स्लरी पानी के साथ बहकर खेतों में जमती है। फतहसागर व मदार तालाब के कैचमेंट एरिया में बीती रात अज्ञात लोगों के स्तर पर केमिकल डालने की घटना के बाद किसानों ने आरोप लगाया कि पहले ही वह स्लरी की समस्या से जूझ रहे हैं और अब केमिकल डालने की घटना से उनकी फसलें सीधे-सीधे प्रभावित हो रही हैं। उदयपुर से स्लरी भरकर आने वाले वाहनों से गिरता अपशिष्ट हाइवे पर वाहनधारियों की फिसलन बनकर दुर्घटना का कारण भी बन रहा है।
करेंगे समस्या समाधान
मामले की जांच कराएंगे। मार्बल एसोसिएशन से बातचीत कर समस्या का हल तलाशेंगे। क्षेत्रीय लोगों को चिंतित होने की जरूरत नहीं। किसी भी स्तर पर पर्यावरण प्रदूषित नहीं होने देंगे।
विमलेन्द्रसिंह राणावत, तहसीलदार, गोगुंदा
Published on:
11 Jun 2019 06:00 am
