
चोरों ने जमकर मचाया धमाल, लाखों का माल पार
फतहनगर . नगर की आदर्श कॉलोनी में बुधवार रात अज्ञात चोर दो मकानों के ताले तोड़ कर करीब 2 लाख रुपए की नकदी एवं 6 लाख रुपए के जेवरात ले गए।
चोरों ने आदर्श कॉलोनी में कैलाश दास वैष्णव के मकान में छत के दरवाजे से प्रवेश किया। बाद में कमरे में रखी आलमारी का दरवाजा तोडक़र करीबन डेढ़ किलोग्राम चांदी के जेवरात तथा सवा छह तोला सोने के आभूषण ले गए। कैलाश दास सब्जी का होलसेल व्यापार करते हैं जिससे सुबह जल्दी उठकर उदयपुर में सब्जी खरीदने के लिए जाते हैं। व्यापारियों को भुगतान के लिए डेढ़ लाख रुपए रखे हुए थे जिन्हें चोर ले गए। बाद में चोर समीप में शंकरलाल गायरी के मकान में भी छत के रास्ते घुसे तथा कमरे में रखी दो आलमारियों के ताले तोडक़र 1 किलो ग्राम चांदी का कंदोरा, 750 ग्राम का पायजेब सहित अन्य जेवर, साढ़े तोला सोना के जेवर तथा 50 हजार रुपए नकद ले गए। दोनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच प्रारम्भ की।
दुकान के ताले तोड़े
बंबोरा. कुराबड़ थाना क्षेत्र के बंबोरा होकर गुजरते राजमार्ग के किनारे स्थित दुकान पर बुधवार रात को घुसे चोरों ने गेहूं की चोरी की। मौके पर जाग होने के बीच चोर मौके से भाग निकले। इससे ज्यादा नुकसान होने से बच गया। बंबोरा निवासी पूनमचंद वया की दुकान के चोरों ने ताले तोड़े। मौके से तीन कट्टे गेहूं ले गए। इस बीच जाग होने के डर से चोर भाग निकले। सुबह के समय दुकान के ताले टूटे देख व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। आशंका है कि मुख्य मार्ग पर रूटीन की हलचल के बीच चोरों ने मौका स्थल जल्दी छोडऩे में भलाई समझी।
Updated on:
05 Dec 2019 11:58 pm
Published on:
05 Dec 2019 11:58 pm
