उदयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें हो रही है। सविना थाना क्षेत्र में चोर लगातार सक्रिय है। सविना थाना क्षेत्र में एक साथ चार मकानों में चोरी के मामले सामने आए हैं। चोरों ने लाखों रुपए के जेवर-नकदी पर हाथ साफ किया। एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात होती नजर आई।
01 . चोरी के बाद ऑफिस में लगाई आग
एक मार्केटिंग कम्पनी में ब्रांच मैनेजर करजिया नाथद्वारा हाल नेला तालाब निवासी दिव्या कुंवर पुत्री पूरणसिंह चौहान ने सविना थाने में मामला दर्ज कराया। बताया कि वह 7 जून को सेजल वाटिका के सामने स्थित अपना ऑफिस बंद करके गई थी। गुरुवार सुबह देखा तो ऑफिस से धुआं उठ रहा था। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि उचक्कों ने चोरी के बाद आग लगा दी। दो कम्प्यूटर, एक लैपटॉप, 2-3 लाख रुपए कीमत के कपड़े, सोफे, दस्तावेज आदि जल गए।
02 . सूने मकान में चोरी
सविना थाना क्षेत्र के कोला मगरी केसर विहार के सूने मकान में दिन दहाड़े चोरी हो गई। पुलिस ने बताया कि केसर विहार निवासी लालसिंह सिसोदिया ने रिपोर्ट दी कि गुरुवार दोपहर को वह अपनी दुकान पर था। दोपहर 12.30 से 1 बजे तक बीच चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब 20 हजार रुपए चोरी कर ले गए। इस दौरान चोर एक बाइक छोड़ गए। पता चला कि बाइक भी चोरी की थी, जिसे यहां छोड़ गए।
03 . घर से जेवर-नकदी चोरी
बसंत विहार सेक्टर-14 हवामगरी रोड निवासी हितेष कुमार पांचाल ने मामला दर्ज कराया। बताया कि वह रोज की तरह अपने ऑफिस प्रतापनगर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी नहीं थे। शाम को घर लौटा तो ताला टूटा मिला। घर से चोर 20 हजार रुपए और जेवर ले गए।
04 . सीसीटीवी कैमरे में दिखा चोर
सविना थाना क्षेत्र के राधे विहार राता पारा स्थित मकान में चोरी हो गई। पुलिस ने बताया कि सुरेश मीणा ने रिपोर्ट दी। बताया कि परिवार बाहर गया था। गुरुवार रात करीब 11.30 बजे चोर घर का ताला तोड़कर घुसे और चांदी के सिक्के सहित करीब 8 हजार का सामान ले गए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में भी वारदात कैद हो गई।
अशोक नगर : 10 लाख के जेवर-नकदी ले गए चोर
भूपालपुरा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित मकान में चोरी हो गई। चोर सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर-नकदी ले गए। पुलिस ने बताया कि अशोक नगर मैन रोड निवासी लाजवंती पत्नी पारस टांक ने मामला दर्ज कराया। बताया कि दस दिन पहले ससुर का निधन होने से परिवार सहित कुशलगढ़ गए थे। गुरुवार को पड़ोसी राहुल ने कॉल करके चोरी की सूचना दी। ऐसे में लौटकर देखा तो घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने ढाई लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब 10 लाख रुपए का माल समेट लिया।