
अगर आपके पास भी आया है वाजपेयी व कलाम के नाम पर स्कॉलरशिप योजना का मैसेज तो पहले जान लें इसकी सच्चाई..
मुकेश हिंंगड़/ उदयपुर . पूर्व राष्ट्रपति एपीजे स्व. एपीजे अब्दुल कलाम और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर प्रतिभाओं को छात्रवृत्ति देने वाली योजना की सूचना को लेकर प्रतिभाएं चक्कर लगाने को मजबूर हो रही है। उनके सवाल का जवाब देकर अधिकारी और जन प्रतिनिधि भी थक गए हैं। यह सब हुआ सोशल मीडिया पर चले एक फेक संदेश से। नगर निगम से लेकर शिक्षा विभाग में उस संदेश को लेकर प्रतिभाएं और उनके अभिभावक पूछताछ कर रहे हैं। सब उस संदेश को बता रहे हैं जबकि हकीकत में योजना को लेकर कोई पत्र संबंधित विभागों के पास नहीं आया है। सोशल मीडिया के इस संदेश से नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और बाबू परेशान हैं। इस संदेश के लपेटे शिक्षा से लेकर सामाजिक अधिकारिता विभाग तक आ गए हैं लेकिन इन सबने ऐसी किसी योजना से अनभिज्ञता जाहिर की है। सरकारी आदेश के लिए ई-मेल और परिपत्र टटोले लेकिन ऐसा कोई आदेश ही नहीं मिला।
संदेश में यह है उल्लेख
पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल है जिसमें लिखा गया कि कक्षा दसवीं और बारहवीं के बच्चों के सभी माता-पिता को सूचित किया जाता है कि एपीजे अब्दुल कलाम और अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छात्रवृत्ति योजना जारी की है जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्कोर करने वाले विद्यार्थियों को 10,000 रुपए और बारहवीं कक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक स्कोर करने वालों को 25,000 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके लिए आवेदन नगर निगम में उपलब्ध हैं। संदेश के साथ एक लिंक भी दिया गया जिसे क्लिक करने पर पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की वेबसाइट खुल रही है और उसमें पीएम की दूसरी छात्रवृत्ति योजना का विवरण है।
ऐसा कोई परिपत्र नहीं
हमारे पास तो ऐसी कोई योजना नहीं आई है। हो सकता है कि सामाजिक अधिकारिता विभाग या शिक्षा विभाग में हो।
सिद्धार्थ सिहाग, आयुक्त, नगर निगम
मैंने भी सोशल मीडिया पर यह संदेश पढ़ा है लेकिन हमारे पास सरकार का कोई आदेश नहीं है।
नरेश डांगी, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक प्रथम)
कई अभिभावक व बच्चे मेरे पास आए हैं। इसके अलावा नगर निगम में भी कई लोग चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने महापौर चन्द्रसिंह कोठारी से सम्पर्क किया।
राशिद खान, पार्षद
Published on:
2 Jun 2018, 5:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.