
रेलवे लाया है यात्रियों के लिए ये खुशखबरी, छुटि्टयों के कारण फुल चल रही ट्रेनों में अब मिल पाएगी आसानी से सीट
धीरेेंद्र जोशी/ उदयपुर . रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त यात्री भार देखते हुए उदयपुर से जयपुर के बीच चलने वाली दो रेलगाडिय़ों में डिब्बों की बढ़ोतरी की है। गाड़ी संख्या 12991/12992, उदयपुर -जयपुर-उदयपुर एक्सप्रेस में 2 से 30 जून तक एक थर्ड एसी एवं एक वातानुकूलित कुर्सीयान श्रेणी की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इससे वातानुकूलित कुर्सीयान श्रेणी की 144 सीटें एवं थर्ड एसी की 64 बर्थ अधिक उपलब्ध हो पाएगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 09721/09722 जयपुर-उदयपुर -जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस में 2 से 30 जून तक एक वातानुकूलित कुर्सीयान डिब्बे की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इससे वातानुकूलित कुर्सीयान श्रेणी की 144 सीटें अधिक उपलब्ध होंगी।
बांद्रा ट्रेन के डिब्बों में अस्थायी बढोतरी
रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए कुछ रेलगाडिय़ों में डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09057/09058, बान्द्रा टर्मिनस-उदयपुर-बान्द्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन में बान्द्रा टर्मिनस से 5 जून को एवं उदयपुर से 6 जून को एक थर्ड एसी एवं एक द्वितीय शयनयान श्रेणी डिब्बे की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है। इससे यात्रियों को थर्ड एसी श्रेणी की 64 एवं द्वितीय शयनयान की 72 बर्थ अधिक उपलब्ध हो पाएंगी।
‘ब्लेक जजमेंट’ की शूटिंग शुरू
उदयपुर . शहर के विद्या भवन स्कूल में फिल्म ‘ब्लेक जजमेंट’ की शूटिंग का शुक्रवार को आगाज हुआ। नारायण सेवा संस्थान के कैलाश मानव और पेसिफिक ग्रुप के राहुल अग्रवाल मुहूर्त शॉट के मौके पर मौजूद थे। निर्माता सादिक हुसैन और निदेशक श्याम उपाध्याय की इस फिल्म की कहानी राजस्थानी संस्कृति से जुड़ी हुई है। शुक्रवार को विद्या भवन स्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के शॉट फिल्माए गए। फिल्म की कहानी वर्षा उपाध्याय व श्याम उपाध्याय ने लिखी और निशांत और शिवांग ने इसमें संगीत दिया है। फिल्म के मुख्य कलाकार हरीश हरिऔध, आकांशा, राशिका प्रधान, प्रियांशी और श्लोका अग्रवाल हैं। फिल्म की शूटिंग लगातार 22 दिनों तक उदयपुर और आसपास के गांवो में होगी। अपूर्वा बनर्जी और उदयपुर के कपिल सेन फिल्म में सह निर्देशन कर रहे हैं।
Updated on:
2 Jun 2018, 4:07 PM IST
Published on:
2 Jun 2018, 3:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.