
दो एटीएम लूट का प्रयास, बची लाखों की नकदी
मोहम्मद इलियास/उदयपुर
पिछले दिनों मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र में पीएनबी में 19.72 लाख रुपए की डकैती के मुख्य गैंगस्टर सहित नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रतापनगर व अन्य थाना पुलिस की टीमें अभी राज्य के अलग-अलग इलाकों में दबिश ही दे रही है। इस बीच लुटेरों ने सोमवार रात प्रतापनगर क्षेत्र में ही दो एटीएम लूट का प्रयास करते हुए पुलिस की नींद उड़ा दी। गनीमत रही कि मौके से रात को गश्ती दल के गुजरने से आरोपी भाग छूटे। आरोपियों ने एक एटीएम को गैस कटर से काट डाला, जबकि दूसरे पर मामूली तोडफ़ोड़ की। पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उन्हें दो आरोपी कैद मिले। पुलिस अब हुलिये के आधार पर उनकी तलाशी में जुटी है। इधर, इस संबंध में बैंक अधिकारियों ने थाने में अभी किसी तरह की कोई रिपोर्ट नहीं दी है।
--
डेढ़ माह पहले भी बडग़ांव में हुआ था प्रयास
लुटेरों ने डेढ़ माह पहले बडग़ांव में भी बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को तोडकऱ ले जाने का प्रयास किया था। एटीएम में तकनीकी सिस्टम व पुलिस की तत्परता से भी वारदात टल गई थी। यह पूरी घटना वहां एटीएम में सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। लुटेरों का हुलिया सामने आने के बावजूद वह आज तक पुलिस पकड़ में नहीं आए। इससे पहले सविना में भी लुटेरों ने एटीएम को उखाड़ दिया था। गाड़ी मे लोड करने से पहले जाग होने से वह भाग छूटे थे। पुलिस ने इस गैंग को पकड़ लिया था। --
Published on:
08 Oct 2019 10:34 pm
