
कार से डोडा चूरा बरामद, दो गिरफ्तार
उदयपुर . गोगुन्दा थाना पुलिस ने एक कार से 57 किलो 300 ग्राम डोडा-चूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से एक आरोपी भाग निकला, जिसको पुलिस ने नामजद किया है। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर उदयपुर-पिंडवाड़ा हाइवे पर झाड़ोली गांव के सामने नाकाबंदी की, तभी बिना नम्बर की एक कार तेज गति से आई। टीम ने हाथ का इशारा कर रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज गति से भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी करीब तीन से चार किलोमीटर तक गाड़ी भगा ले गए। बाद में गाड़ी कच्चे में उतरते हुए खड्डे में उतर गई। चालक गाड़ी से निकलकर झाडिय़ों में भाग गया। पुलिस ने कार में बैठे सोलंकियों का वास सिवाना बाड़मेर निवासी जसराज पुत्र सवाराम देवासी व जसराज पुत्र कानाराम देवासी मिले। पुलिस ने दोनों को पकड़ा, उन्होंने भागने वाले आरोपी चालक का नाम सिवाना बाड़मेर निवासी महिपालसिंह पुत्र अनौपसिंह भायल बताया। पुलिस की कार की तलाशी ली तो डिक्की में प्लास्टिक के पांच कट्टों में 57.300 किलो डोडा-चूरा भरा मिला। पुलिस ने कार जब्त कर मामला दर्ज किया। बरामद डोडा-चूरा की कीमत करीब 1.75 लाख रुपए बताई।
नाकाबंदी तोड़ भागी कार में मिली शराब
उदयपुर. धानमंडी थाना पुलिस ने देहलीगेट पर नाकाबंदी तोडकऱ फरार हुई कार का पीछा किया। आरोपी गाड़ी को हाथीपोल खटीकवाड़ा क्षेत्र में छोड़ भागे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 460 बोतल अंग्रेजी शराब भरी मिली। पुलिस ने कार जब्त कर मामला दर्ज किया। धानमंडी थानाधिकारी नरेन्द्र जैन ने बताया कि बताया कि मुखबिर से सूचना पर मय टीम देहलीगेट पर नाकाबंदी की तभी हाथीपोल की तरफ से आई एक कार आई। उसमें तीन युवक सवार थे, पुलिस ने कार चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक नाकाबंदी तोड़ गाड़ी को अश्विनी बाजार की तरफ भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो तीनों आरोपी कार को खटीकवाड़ा क्षेत्र में छोडकऱ फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 460 बोतल अंग्रेजी शराब की भरी मिली। पुलिस ने कार जब्त कर मामला दर्ज किया। पुलिस कार मालिक के आधार पर आरोपियों को पता लगाने में जुटी है।
Published on:
16 Sept 2018 07:02 pm
