
तस्करों और पुलिस के बीच फायरिंग, कार से 296 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त
गोगुन्दा (उदयपुर) .गोगुन्दा थाना क्षेत्र के हथनियावल गांव के निकट पुलिस ने बुधवार तड़के कार में तस्करी कर ले जाया जा रहा 296.200 किलो डोडा चूरा जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कार में सवार दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। भागते वक्त तस्करों ने पुलिस पर फायर किए, जवाब में थानेदार ने भी हवाई फायर किए, लेकिन तस्कर हाथ नहीं आए। तलाशी के दौरान कार में चार नम्बर प्लेट, खलासी सीट पर दो चालू मोबाइल, एक सिम कार्ड व फास्टेग बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया।
अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम व धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोगुंदा थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल पवन सिंह, कांस्टेबल प्रदीप परमार, भूपेन्द्र, योगेन्द्र, रामस्वरूप, सत्यनारायण, हितेन्द्र, चालक रमेश की टीम ने मंगलवार रात को गोगुंदा से केलवाड़ा रोड पर स्थित हथनियावल गांव के परशुराम चौराहे पर नाकाबंदी की। इस दौरान बरवाड़ा की ओर से आ रही कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार तेजी से भगाते हुए पुलिस के वाहन को टक्कर मार दी। कार का बोनेट पुलिस वाहन में फंस गया। मौके पर तस्कर कार वहीं छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर फायर किए। जवाब में थानाधिकारी ने भी हवाई फायर किए। मगर अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों तस्कर भाग छूटे। कार की तलाशी लेने पर 16 प्लास्टिक के कट्टों में 296.200 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा मिला। चालक सीट के नीचे चार नम्बर प्लेट, खलासी सीट पर दो चालू मोबाइल, एक सिम कार्ड व एक फास्टेग बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। अनुसंधान नाई थानाधिकारी श्याम सिंह रत्नु को सौंपा गया है।
टोल बूथ पर बचने के लिए अंदरूनी रास्तों का उपयोग
पुलिस के अनुसार तस्कर डोडा चूरा मध्यप्रदेश से लाकर मारवाड़ की ओर ले जाते हैं। गोगुंदा में अधिकतर टोल बूथ पर पुलिस की नाकाबंदी से बचने के लिए ईसवाल से ही केलवाड़ा रूट से होते हुए रावलिया के रास्ते टोल प्लाजा से आगे निकल हाइवे मार्ग से मारवाड़ की ओर जाते हैं।
Updated on:
21 Dec 2023 01:28 am
Published on:
21 Dec 2023 01:28 am
