8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महंगाई ‘डायन’ खाए जात है…उदयपुर में राजस्थान का सबसे महंगा सिलेंडर, ₹973.50 पहुंची कीमत

उदयपुर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 973.50 रुपए हो गई है, जो राजस्थान में सबसे अधिक है। मार्च से अब तक सिलेंडर 89 रुपए महंगा होने से जिले के करीब 3.5 लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। परिवहन लागत, नए कनेक्शन बंद होने और रिफिल में देरी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।

2 min read
Google source verification
gas price in udaipur

file photo

उदयपुर. महंगाई की मार झेल रहे उदयपुर के लाखों उपभोक्ताओं को एक और बड़ा झटका लगा है। तेल एवं गैस कंपनियों की ओर से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी के बाद उदयपुर में 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर अब 973.50 रुपए का हो गया है। प्रदेश के प्रमुख शहरों में यह सबसे महंगा सिलेंडर माना जा रहा है। पहले यही सिलेंडर 944.50 रुपए में मिल रहा था। लगातार बढ़ती कीमतों ने न केवल आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है, बल्कि गैस आपूर्ति और नए कनेक्शन की समस्याओं ने भी उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है।

उदयपुर में घरेलू सिलेंडर की कीमत अन्य शहरों की तुलना में अधिक होने का प्रमुख कारण गैस आपूर्ति का लंबा परिवहन मार्ग है। यहां एलपीजी सिलेंडर गुजरात के साणंद और राजस्थान के अजमेर स्थित बॉटलिंग प्लांट से पहुंचते हैं। परिवहन भाड़ा सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ने से उदयपुर में गैस सिलेंडर सबसे महंगा बिक रहा है।--

रसोई खर्च बढ़ा, मध्यम वर्ग पर सर्वाधिक असर

घरेलू सिलेंडर की कीमतों में इस वर्ष लगातार बढ़ोतरी ने मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। मार्च में 60 रुपए की वृद्धि के बाद अब 29 रुपए और बढ़ाए जाने से एक वर्ष के भीतर रसोई गैस पर होने वाला खर्च काफी बढ़ गया है। ऐसे परिवार जिनके पास केवल एक ही गैस कनेक्शन है, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिलेंडर खत्म होने के बाद रिफिल मिलने में 20 से 25 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है।

नए कनेक्शन बंद

शहर में 10 मार्च से नए घरेलू गैस कनेक्शन बंद पडे़ हैं। नौकरी, शिक्षा या व्यवसाय के लिए दूसरे शहरों से उदयपुर आने वाले परिवार गैस कनेक्शन नहीं मिलने से परेशान हैं। कई लोगों को अस्थायी रूप से कमर्शियल सिलेंडर लेने पड़ रहे हैं, जिससे उनका खर्च और बढ़ रहा है।

पांच किलो सिलेंडर की व्यवस्था भी सवालों में

घरेलू उपयोग के लिए शुरू की गई 5 किलो सिलेंडर योजना भी कई उपभोक्ताओं के लिए राहत नहीं बन पाई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू जरूरत के बावजूद उन्हें यह कमर्शियल श्रेणी में लेना पड़ता है, जिसकी कीमत काफी अधिक है। छोटे परिवारों, विद्यार्थियों और किराए पर रहने वाले लोगों को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है। इस सिलेंडर की कीमत 1806 रुपए है और रिफिल करवाने पर 861 रुपए लग रहे हैं।

उदयपुर में 3.5 लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित

जिले में इंडेन, भारत और एचपी गैस के करीब 3.5 लाख उपभोक्ता हैं। इंडेन गैस के लगभग 2 लाख उपभोक्ता हैं, जबकि भारत गैस के 50 से 60 हजार और एचपी गैस के करीब 70 हजार उपभोक्ता हैं। कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे इन परिवारों पर पड़ेगा। इंडेन गैस की 11 एजेंसियां हैं, इनमें अरावली, उदयपुर, शिवशक्ति, पशुपति, मुकेश इंडेन, नंदन, गीतांजलि, जसोदा इंडेन, जोगमाया, अम्बामाता है। भारत गैस की 4 एजेंसियां हैं, इनमें नूतन, शिवम, बापना और वराई गैस तथा एचपी गैस 6 एजेंसियां है इनमें बाठेड़ा, श्याम एचपी, जावा, मीरा, सृजन और छानवाल गैस एजेंसियां शामिल हैं।

यों बढे़ रसोई गैस सिलेंडर के दाम

तिथि बढ़ोतरी

7 मार्च 60 रुपए प्रति सिलेंडर

7 जून 29 रुपए प्रति सिलेंडर

कुल वृद्धि 89 रुपए प्रति सिलेंडर

राजस्थान के प्रमुख शहरों में नई दरें

शहर नई कीमत (रुपए)

उदयपुर 973.50

कोटा 963

अलवर 962

सीकर 959

जोधपुर 949.50

अजमेर 947