4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

VIDEO : रात को चला अंधड़, शाम को गिरे ओले

- जिले में कई जगह बारिश के साथ गिरे ओले
3 min read
Google source verification
udaipur

VIDEO : रात को चला अंधड़, शाम को गिरे ओले

धीरेंद्र्र् जोशी/उदयपुर. मेवाड़ में रविवार को मौसम का मिजाज अलग ही रहा। शनिवार मध्यरात्रि में जहां तेज अंधड़ चला, वहीं रविवार शाम को जिले के कई खेत्रों में तेज बारिश और ओले गिरे। इससे अचानक फिजा बदल गई। रविवार को बड़ी संख्या में वैवाहिक आयोजन भी हो रहे थे। एेसे में इन आयोजनों में भी व्यवधान पैदा हुआ।

जिले के कई क्षेत्रों में रविवार शाम करीब 5 बजे से मौसम ने अचानक पलटी खाई। इसके बाद करीब 5.30 बजे तेज हवाओं और बिजली की गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। कानोड, मेनार, भिंडर आदि क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ बेर के आकार के ओले भी गिरे। इधर डबोक, मावली, भटेवर आदि क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश दौर करीब 30 से 40 मिनट तक जारी रहा। इसमें से 10 से 15 मिनट के लिए तेज बारिश हुई।

0.8 डिग्री बढ़ा तापमान

डबोक स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान शनिवार को क्रमश: 38 और 20.4 डिग्री दर्ज किया गया था। एेसे में अधिकतम तापमान में जहां 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम करीब सात बजे 50 किलोमीटर की गति से हवाएं चली। इसी प्रकार शनिवार रात करीब 1.30बजे तेज हवाएं चली। इससे भी जिले के बड़े क्षेत्र में बिजली गुल हुई।

सावों में व्यवधान
जिले में रविवार को बड़ी संख्या में वैवाहिक आयोजन हुए। शनिवार रात को चले अंधड़ और रविवार को हुई बारिश से इन वैवाहिक आयोजनों में व्यवधान हुआ। तेज हवाओं से कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली गुल हो गई। इसके साथ ही शादी समारोह के टेंट आदि भी उड़ गए। इससे आयोजनकर्ताओं को पुन: व्यवस्था करने के लिए परेशान होना पड़ा।

पड़ सकता है मानसून पर असर
मौसम विज्ञानी डॉ. नरपतसिंह राठौड़ गत दो दिनों से उदयपुर सहित मेवाड़ में अनेक जगहों पर अंधड़ के साथ हल्की बूंदाबांदी एवं वर्षा का दौर का प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ अरब सागर से आने वाली नमी वाली पवनों के कारण भी इस तरह का मौसम हुआ हैं। अगले 48 घंटों तक एेसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इस समय इस तरह की मौसमी दशाएं मानसून पर विपरित प्रभाव डालेगी। लगातार इसी तरह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा तो मानसून देरी से आएगा।

अंधड़ से गिरे खंभे
अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता गिरिश कुमार पारिख ने बताया कि शनिवार मध्यरात्रि को चले अंधड़ से सलूंबर और भिंडर क्षेत्र में नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि सलूंबर क्षेत्र में 4 से 5 और भिंडर क्षेत्र में 10-12 खंभे गिर गए। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर पेड़ और खंभे गिरे। रात के अंधड़ में कई जगह टीन शेड, होर्डिंग आदि भी उड़े।

बदला शहर का मौसम
शाम करीब 7.30 बजे शहर का मौसम भी बदलने लगा। यूनिवर्सिटी रोड पर हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। करीब 8.15 बजे सवीना क्षेत्र में भी बारिश शुरू हो गई। 8.30 बजे से शहर के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश कभी कम तो कभी तेज गिरने लगी। इससे शहर में चल रहे वैवाहिक आयोजनों में परेशानी हुई। जो आयोजन खुले में हो रहे थे वहां बारिश से व्यवस्थाएं बिगड़ गई। आयोजकों ने आनन-फानन में भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को छत के नीचे पहुंचाया। बारिश के चलते आयोजनों में अपेक्षा से कम लोग पहुंचे।

दिन में तेज धूप शाम को सुहाना हुआ मौसम
शहर में रविवार को दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। दिनभर आसमान खुला रहा। शाम को शहर के उत्तर-पूर्वी छोर पर हल्के बादल छाए। इसके बाद दिन ढलने के साथ ही मौसम ने करवट ली और रात को बारिश का दौर शुरू हो गया।