
VIDEO : उदयपुर आगे आया प्लास्टिक छोडऩे में
उदयपुर. सिंगल यूज प्लास्टिक को छोडऩे के लिए उदयपुर भी आगे आया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की १५०वीं जयंती के दिन शहर में बच्चों से लेकर बड़ों ने प्लास्टिक छोड़ा तो कई ने संकल्प किया। बड़ी बात यह है कि प्लास्टिक को छोडऩे के साथ ही उसके विकल्प पर भी उदयपुर में चर्चा हुई तथा कई सामाजिक संस्थाओं ने विकल्प के रूप में इको फ्रेंडली पॉलिथीन बैग व बर्तन बांटे। नगर निगम ने भी एक अलग से टीम का गठन किया है, जो सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई करेगी।
224 किलो पॉलीथिन जब्त, 66 हजार का जुर्माना लगाया
नगर निगम आयुक्त अंकित कुमार सिंह ने बताया कि सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक की रोकथाम के लिए विशेष दल गठित किया गया है। दल की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर प्लास्टिक को लेकर सघन जांच की जाएगी। पहले दिन ही स्वास्थ्य अधिकारी नरेन्द्र श्रीमाली के नेतृत्व में टीम ने राजस्थान मुंसिपल एक्ट की धारा 258 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 224 किलोग्राम पॉलिथीन की थैलियां एवं अन्य सामान जब्त किए। साथ ही 66,000 रुपए का जुर्माना लगाया। टीम ने साथ के साथ शहर में गंदगी फैलाने को लेकर 19 दुकानदारों व खोमचे वालों को पाबंद करते हुए 9,500 का जुर्माना वसूला।
रेलवे यात्रियों को कपड़े की थैलियों बांटी
णमोकार ट्रस्ट की ओर से रेलवे स्टेशन पर रेलवे के कार्मिकों के साथ रेल यात्रियों को एक हजार कपड़े की थैलियों का वितरण किया गया। णमोकार ट्रस्ट के मुख्य संयोजक मुकेश मुण्डलिया ने बताया कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों व रेलवे क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश श्रीवास्तव ने थैलियां बांटी ताकि रेलवे स्टेशन को स्वच्छ बनाए रखा जा सके।
इको फ्रेंडली पॉलिथीन बैग व बर्तन बांटे
जिला प्रशासन एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से बुधवार को फतहसागर क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए मुंबईया बाजार के व्यापारियों को इको फ्रेंडली पॉलिथीन बैग व बर्तन बांटे। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर आनंदी ने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी शुरुआत से ही उदयपुर भी प्लास्टिक मुक्त हो पाएगा। उन्होंने शहर की झीलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए समस्त व्यापारियों और प्रबुद्धजनों को इसी प्रकार की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कार्य करने की आवश्यकता जताई। सोसायटी के अध्यक्ष गजेन्द्र भंसाली और मानद सचिव नक्षत्र तलेसरा ने बताया कि मुंबईया बाजार के व्यापारियों को फॉस्टफूड के लिए स्टील प्लेटें, चम्मच, ईको फ्रेंडली पॉलीथिन, कपड़े के बैग्स, स्टील व कांच के ग्लॉस का वितरण किया जा रहा है।
कहीं संकल्प तो कहीं जागरूकता के कार्यक्रम
पन्नाधाय महिला चिकित्सालय की टीम ने चिकित्सालय परिसर में प्लास्टिक युक्त पदार्थ को एकत्र किया। बाद में इसका उपयोग नहीं करने का संकल्प किया। इस दौरान अधीक्षक डॉ. मधुबाला चौहान, डॉ. सुनीता माहेश्वरी, रघुनाथ सिंह देवड़ा ने श्रमदान किया। लायन्स क्लब प्रताप की ओर से देहलीगेट गेट चौराहा पर 500 कपड़े की थैलियां निशुल्क वितरित की गई। मुख्य अतिथि कर्नल दीपक रामपाल थे। क्लब के राकेश नंदावत ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सवीना खेड़ा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए साइकिल रैली निकाली। कंज्यूमर राइट्स ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष राजश्री गांधी के निर्देशन मे वन टाइम यूज प्लास्टिक के उपयोग पर विरोध दर्ज कराने कराया। एडीएम नरेश बुनकर ने कलक्ट्रेट में इस दौरान कहा कि प्लास्टिक को लेकर सभी जागरूकता कार्यक्रम चलाएं।
शिल्पग्राम में सिंगल यूज प्लास्टिक वर्जित
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के शिल्पग्राम परिसर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने की पहल की गई है। कार्यक्रम में पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. महेश शर्मा ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव पर व्याख्यान में कहा कि इसके उपयोग को रोका जाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने इंग्लैण्ड और आयरलैण्ड के उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी जल शुद्धि की प्रणाली को इतना सक्षम बनाया जाए कि हमे प्लास्टिक बोतल की आवश्यकता नहीं पड़े और हमस सीधे नलों से पानी पी सके। केन्द्र के अतिरिक्त निदेशक सुधांशु सिंह ने कहा कि शिल्पग्राम परिसर उदयपुर ही नहीं अपितु देश का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। लोक कला के इस प्रमुख केन्द्र को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। केन्द्र के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान के तहत शिल्पग्राम परिसर में यत्र-तत्र बिखरे गुटखे के पाउच, प्लास्टिक आदि कचरा एकत्र कर कूड़ेदान में डाला।
Updated on:
03 Oct 2019 11:28 am
Published on:
03 Oct 2019 11:26 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
