
अनियंत्रित हो पेड़ से टकराई वैन, चालक की दर्दनाक मौत
उदयपुर/ धरियावद. Udaipur road accident धरियावद-सलूम्बर मार्ग पर मानागांव के समीप रविवार तड़के अनियंत्रित वैन सड़क किनारे एक वृक्ष से जा भिड़ी। दुर्घटना में वैन चालक की स्टेयरिंग में फंसने से मौत हो गई। दुर्घटना में वैन सवार एक महिला एवं युवक भी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय चिकित्सालय में पहुंचाया गया। इससे पहले सुबह के समय सड़क पर पालतू मवेशी को बचाने के फेर में वैन चालक ने नियंत्रण खो दिया था और दुर्घटना का शिकार हुआ। पुलिस के अनुसार धरियावद निवासी कुलदीप गनोडिय़ा (38) जैन, पत्नी कविता (32) एवं छोटा भाई आनंद (35) शनिवार को अहमदाबाद से आवश्यक खरीदी कर रात के समय धरियावद के लिए रवाना हुए। मुकाम पर पहले से कुछ दूरी पर मानागांव से गुजरती सड़क पर अंधेरे के बीच एकाएक मवेशी आ गए। मवेशियों को बचाने के फेर में वैन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में वैन का आधा हिस्सा पिचक गया, जबकि कुलदीप का आधा शरीर स्टेयरिंग के बीच में फंस गया। ग्रामीणों से मिली घटना की सूचना पर धरियावद थानाधिकारी दौलतसिंह, एएसआई राजवीरसिंह, महिपालसिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे कुलदीप को बाहर निकालने के प्रयास किए। बाद में गैस कटर से स्टेयरिंग काटा गया, लेकिन सभी प्रयास कुलदीप को बचाने में विफल रहे। पुलिस की मौजूदगी में कुलदीप को धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। अन्य घायलों का भी चिकित्सालय में उपचार कराया गया। मृतक के काका राजेंद्र जैन की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
सूचना पर जुटे लोग
बता दें कि कुलदीप स्वभाव से मिलनसार था और छोटे भाई सहयोग से पुराना बस स्टैण्ड पर साइकिल की दुकान चलाता था। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग एवं समाजजन मौके पर जुटे और इस दु:ख भरे समाचार को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर रही। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार हुआ।
जिंदगी से जूझता रहा
दुर्घटना के दौरान स्टेयरिंग से उलझा हुआ कुलदीप खुद की जिंदगी को बचाने के लिए छटपटाता रहा। udaipur road accident उसने काफी देर तक हिम्मत भी बनाए रखी, लेकिन उसे बाहर निकालने के हुए प्रयासों के बीच उसकी जिंदगी ने उसका साथ छोड़ दिया और मौत ने उसे गले लगाया।
Published on:
02 Dec 2019 06:00 am
