
police station,crime,mahakal darshan,
उज्जैन. रविवार रात को इंदौर गेट के पास महाकाल दर्शन करने आई महिला छेड़छाड़ का शिकार हो गई। घायल अवस्था में महिला को देवासगेट थाने पहुंचाया गया, जहां जिम्मेदारी से बचने के लिए पुलिस ने उसे महिला थाने भेज दिया गया। यहां महिला को घायल हालत में रातभर बैठाए रखा, लेकिन न तो रिपोर्ट लिखी गई और ना ही उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले को दबाने के लिए पुलिसकर्मियों ने उसे गुपचुप तरीके से रेलवे स्टेशन छोड़ दिया। घटनाक्रम सामने आने के बाद एसपी ने एएसआई और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया और महिला एवं देवासगेट थाना प्रभारी को नोटिस जारी किया है।
देवदर्शन करने उज्जैन आई थी
अशोकनगर की 20 वर्षीय महिला बीती रात देवदर्शन करने एक वर्षीय बच्चे के साथ उज्जैन आई थी। स्टेशन से बाहर मेन रोड पर रात करीब 12 बजे महिला खड़ी थी। इसी दौरान एक बाइक सवार आया और महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर भागने लगा। महिला ने शोर मचाया और चलती बाइक से कूद गई। आसपास के लोगों ने घायल महिला को देखा तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नीलगंगा थाने की एफआरवी में ड्यूटी कर रहे जवान अनिल ने घायल महिला को देवासगेट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। यहां पर रात में ड्यूटी पर तैनात एएसआई परमानंद, हेड कांस्टेबल मलखान सिंह ने घायल महिला से पूछताछ की और नाम-पता रजिस्टर में नोट कर घायल हालत में ही महिला थाने भेज दिया।
रेलवे स्टेशन छोड़ा
महिला थाने में घायल महिला को सुपुर्द करते समय कोई तहरीर थाने की तरफ से नहीं दी गई और उसका कोई रिकॉर्ड थाने में मौजूद नहीं था। सुबह उसी घायल महिला को देवासगेट थाने की जीप से दो जवान राजेंद्र शर्मा व एक अन्य रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में छोड़ निकल गए।
सदमे में महिला, रोती रही
पूछताछ में महिला के आंसू निकल पड़े। रोती-बिलखती बच्चे के साथ स्टेशन पर बैठी महिला ने बताया कि रातभर थाने में पुलिस ने रखा, मेरे पैरों से खून निकल रहा है, रिपोर्ट तक नहीं लिखी। वह बदमाश को नहीं पहचानती।
सुबह ले गए अस्पताल
मामला प्रकाश में आने के बाद सुबह ११ बजे पुलिसकर्मी महिला को रेलवे स्टेशन ढूंढकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और मेडिकल करवाया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज किया गया है। एसपी सचिन अतुलकर ने एएसआई परमानंद और प्रधान आरक्षक मलखान सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही महिला थाना प्रभारी रेखा वर्मा और देवासगेट थाना प्रभारी शिवा निनामा को नोटिस जारी किया है।
Published on:
07 Nov 2017 11:50 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
