
बाइक से जा रहे परिवार को छूकर गुजर गई मौत, देखें हैरान कर देने वाला वीडियो
ये कहावत आपमें से अकसर लोगों ने कहीं न कहीं सुनी ही होगी कि, 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोई'। कहावत का अर्थ है- जिसकी रक्षा भगवान करता है, उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। ये कहावत चरितार्थ हुई है मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले नागदा में। यहां एक बाइक पर सवार होकर जा रहे पति - पत्नी और उनके बच्चे पर पीछे से आ रही अनियंत्रित लोडिंग पिकअप वाहन के ऊपर रखी स्टील की चादरें जा गिरी। लेकिन, इस भीषण हादसे के बावजूद कमाल ये था कि, बाइक सवार परिवार को एक खरोंच भी नहीं आई।
आपको बता दें कि, सड़क से जा रहे बाइक सवार परिवार के पीछे से अचानक एक तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप वाहन आ गई। पिकअप वाहन पर स्टील की कई चादरें रखी थीं। बाइक के नजदीक आने पर पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पिकअप पर लदे स्टील के चादर और लोहे के पाइप आगे ढुलककर किसी तलवार के हमले की तरह बाइक सवार दंपत्ति पर जा गिरे।
सामने आया घटना का हैरान कर देने वाला CCTV
बाइक पर पीछे बैठी महिला से चादरें टकराने के बाद पूरा परिवार बाइक समेत नीचे जा गिरा। घटना के बाद आसपास मौजूद भीड़ तुरंत उनके पास पहुंची। जिस किसी ने भी ये मंजर अपनी आंखों से देखा वो कुछ सेकंड के लिए तो यही सोच बैठा कि, हादसे का शिकार परिवार का बचना अब नामुमकिन है। लेकिन, भीड़ जैसे ही सड़क पर गिरे बाइक सवारों के पास पहुंची तो मालूम हुआ कि, चादरों की चपेट में आने से सिर्फ पीछे बैठी महिला को ही मामूली चोटें आई, जबकि पति और बच्ची को एक खरोच तक नहीं आई। ये पूरी घटना नजदीक ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर हर कोई इस हादसे को भगवान का चमत्कार मान रहा है।
पुलिस ने जब्त किया वाहन
हालांकि, मौके पर मौजूद भीड़ ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने मौके से वाहन जब्त कर लिया है। साथ ही, आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
Published on:
11 Jun 2023, 4:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.