नरेश शर्मा
महिदपुर रोड. क्षेत्र में अच्छी बारिश होकर नदी नाले, कुएं भर जाएं, क्षेत्र में एक साथ बोवनी हों, एक साथ सभी की फसलें अंकुरित हों। इसके लिए पूरे गांव ने शनिवार को अनूठे तरीके से भगवान से मन्नत मांगी। इसमें एक टोटका आजमाया गया जिसमें गांव के पटेल और सरपंच अपना मुंह रंगकर गधे पर बैठकर गांव का भ्रमण करते हैं और फिर श्मशान की परिक्रमा करते हैं। मान्यता है कि इस टोटके से गांव में अच्छी बारिश होती है।
शव के पास परिक्रमा
दरअसल जिले की अंतिम सीमा पर बसे सबसे बड़े ग्राम झुटावद में गांव पटेल व सरपंच ने शनिवार को अच्छी बारिश के लिए अपना ही मुंह काला-पीला रंगकर गधे पर उल्टा बैठकर पूरे गांव में घूमे। इसके बाद श्मशान के पास गधे को ले जाकर पुराने जले हुए शव के पास परिक्रमा कर मन्नत मांगी।
गांववासी बोले- अच्छी बारिश के लिए ग्रामवासियों के साथ ग्राम पटेल ईश्वरसिंह व सरपंच किशनसिंह तंवर दो अलग-अलग गधे पर उल्टे बैठकर गांव में घूमे और श्मशान की पूरी प्रक्रिया की। उपसरपंच भूपेन्द्रसिंह पंवार ने बताया हमारे बुजुर्ग कहा करते थे कि अगर अच्छी बारिश ना हो, एक साथ बोवनी ना हो तो उक्त टोटका अपनाने से बारिश अच्छी होती है। इस दौरान भेरूलाल बावर, चांदमल पोरवाल, कैलाश पोरवाल, कांतिलाल जैन, नंदू सेठ, जनपद सदस्य दिनेश पोरवाल, गोपाल गुरु, संजय पोरवाल आदि मौजूद थे।