
durlabh kashyap
नागदा। लगभग डेढ़ साल पहले कुख्यात बदमाश दुर्लभ कश्यप की हत्या हो गई थी। अब भी इसकी गैंग एक्टिव है। वहीं सोशल मीडिया पर इसके फॉलोअर्स भी दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं। अब नागदा भी इससे अछूता नहीं रहा। यहां भी कई नाबालिग व युवा दुर्लभ कश्यप को फॉलो कर सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से धमकियां देने से बाज नहीं आ रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम पर इसके सैंकड़ों फॉलोअर्स लगातार एक्टिव है।
इसमें खासकर 16 से 18-20 साल के नौजवान शामिल है। एसपी द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद पुलिस की लगातार सोशल मीडिया पर नजर हैं। जिस पर मंडी पुलिस की टीम ने दुर्लभ कश्यप के फॉलोअर्स दो युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया ग्राम अमलावदिया से सोनू पिता विक्रमसिंह परमार व राज पिता अमरसिंह चावड़ा को पकड़कर इन पर केस दर्ज किया है। दोनों युवकों ने हथियारों के साथ वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड किए थे।
दुर्लभ कश्यप की तरह हुलिया, जेब में खटकेदार चाकू भी रखते है
सितंबर 2020 में उज्जैन के कुख्यात बदमाश दुर्लभ कश्यप की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से इसके फॉलोअर्स बढ़ते जा रहे हैं। हाथ रुद्राक्ष की माला, काले धागे, माथे पर लाल तिलक और कंधे पर गमछा लेकर घूमना नौ जवानों का ट्रेंड बन चुका है। क्षेत्र की निचली बस्तियों में दुर्लभ कश्यप के फॉलोअर्स ज्यादा देखे जा सकते हैं। इनमें से कई युवा तो खटकेदार चाकू तक रखते हैं। पुलिस ने अगर इस पर अंकुश नहीं लगाया तो नागदा में भी नई दुलर्भ कश्यप गैंग खड़ी हो सकती है।
पहले भी हथियारों के साथ की थी पोस्ट
शहर में दुर्लभ कश्यप फॉलोअर्स की संख्या बढती जा रही है। सोशल मीडिया पर हर घंटे एक पोस्ट अपलोड हो रही है। इंस्टाग्राम पर तो दुर्लभ कश्यप के वीडियो की रील चल रही है। जिसमें ज्यादातर पोस्टें धमकाने जैसी है। 8 दिन पहले 4 जून को एक पोस्ट की गई थी। जिसमें हथियारों के साथ युवा नजर आ रहे हैं।
रोहलखुर्द से चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा
रोहलखुर्द से पुलिस ने एक व्यक्ति को चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा है। पुलिस ने बताया कैलाश पिता फतेहलाल चंद्रवंशी खटकेदार चाकू लेकर घूम रहा था। जिसे पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने युवक पर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
सोशल मीडिया पर पुलिस की सत्त है। दुर्लभ गैंग या इससे जुड़े वीडियो या फोटो नजर आने पर कार्रवाई करेंगे। सूचना मिलने पर हथियार लेकर चलने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी।
-आकाश भूरिया, एएसपी, उज्जैन
कौन है दुर्लभ कश्यप
दुर्लभ कश्यप एक दुबला-पतला 20 साल का युवक था, जो हमेशा अपने माथे पर तिलक, आंखों में काजल और अपने कंधे पर काले रंग का गमछा रखता था। यही उसकी पहचान बन गया था। कच्ची उम्र में ही दुर्लभ के इरादे जुर्म की दुनिया का बादशाह बनने के थे। उसने 16 साल की उम्र में ही गैंग बना ली थी। उसके रहन-सहन और कपड़े पहनने का अंदाज इस कदर युवाओं में पापुलर हो गया था कि कई लोग उसके इस अंदाज को फालो करने लगे थे। उसे बिल्लियों से बहुत प्यार था। वो अपने साथ कई बार बिल्ली भी रखता था।
यह भी पढ़ेंः
Published on:
13 Jun 2022 11:57 am
