
crime news प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- freepik)
MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पंथपिपलई में बीते दिन रात 2.30 बजे युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला। परिवार का आरोप है, उसकी ससुराल वालों ने हत्या की है। युवक ने रात 2 बजे अपनी मां को फोन कर कहा था कि मुझे बचा लो… और कुछ ही देर बाद परिवार वाले उसकी तलाश में निकले तो लाश सड़क किनारे पत्थरों के ढेर के पास मिली। सुबह उसकी मौत की खबर से मामला गरमा गया। परिवार सहित आक्रोशित ग्रामीण नानाखेड़ा थाने पहुंचे और घेराव कर चक्काजाम किया।
मामला पंथपिपलई रोड का है, जहां बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे पुलिस को सड़क किनारे युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। एफआरवी मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान राजनाथ उर्फ राजाराम पिता दिलीप नाथ निवासी कोलूखेड़ी के रूप में हुई।
गुरुवार दोपहर गुस्साए परिजन, समाजजन और क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि परमानंद मालवीय के साथ नानाखेड़ा थाने पहुंचे। सड़क पर बैठकर चक्काजाम किया गया। माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और हत्या एंगल पर कार्रवाई का भरोसा दिया, तब प्रदर्शन खत्म हुआ। मालवीय ने बताया कि हमने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है, उसकी हत्या ससुराल वालों ने की। इस मामले में बारीकी से जांच हो।
राजनाथ के काका मोहनलाल ने बताया कि राजनाथ अपनी ससुराल लक्ष्मणखेड़ी (इंदौर रोड) मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दोनों पति-पत्नी और 2 साल का बालक बाइक से गए थे। राजनाथ का ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद हो गया और उसकी पत्नी-बच्चे के साथ वहीं रुक गई। रात करीब 2 बजे उसने अपनी मां सांगाबाई को फोन किया और घबराई आवाज में कहा - मुझे बचा लो।
कुछ समय बाद परिवार के सदस्य बाइक से उसकी तलाश में निकले तो उसकी लाश पंथपिपलई के पास पत्थरों के ढेर के पास पड़ी मिली। उसके मुंह से खून आ रहा था चोट भी मुंह पर ही लगी थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि राजनाथ अपने पीछे 8 माह की गर्भवती पत्नी और 2 साल का बेटा छोड़ गया है।
युवक ने मां को किया गया कॉल अब पूरे केस का सबसे बड़ा सुराग माना जा रहा है। पुलिस का कहना है, शुरुआत में मामला सड़क हादसे का लग रहा है, लेकिन परिजन ने सीधे हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि युवक को ससुराल पक्ष में पीटा गया और बाद में हत्या कर शव फेंका दिया गया। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया है। अब एक्सीडेंट और हत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है।
शुरुआती सूचना एक्सीडेंट की थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। नरेन्द्र यादव, टीआइ नानाखेड़ा
Updated on:
24 Apr 2026 05:53 pm
Published on:
24 Apr 2026 05:53 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
