
ज्योति मल्होत्रा की पुलिस रिमांड चार दिन के लिए बढ़ा दी गई है (ज्योति मल्होत्रा फोटो- ‘Travel with JO’)
MP NEWS: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंधों के खुलासे के बाद पकड़ी गई ट्रैवल ब्लॉगर ज्योति मल्होत्रा साल 2024 में मध्यप्रदेश के उज्जैन भी आ चुकी है। यहां उसने रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ ऑटो रिक्शा चालक के साथ बात कर वीडियो भी बनाए थे। महाकाल मंदिर के बारे में भी जानकारी ली लेकिन उसने यह वीडियो सोशल साइट पर अपलोड नहीं किए। उसने जो वीडियो ट्रेन में यात्रा के दौरान इंदौर-उज्जैन और नागदा के बीच बनाए थे, वे ही उसने सोशल मीडिया पर अपलोड किए। इस जानकारी के बाद एसपी प्रदीप शर्मा ने एक टीम हरियाणा के हिसार भेजी। हिसार पहुंची टीम आरोपी ज्योति से पूछताछ करेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ज्योति 2024 में उज्जैन और इंदौर गई थी। उसने इसके वीडियो यूट्यूब पर शेयर किया, लेकिन उज्जैन रेलवे स्टेशन के बाद का एक भी वीडियो अपलोड नहीं किया। इसके चलते वह शंका के दायरे में है। ज्योति उज्जैन आई और उसने महाकाल मंदिर के बारे में ऑटो रिक्शा चालकों से पूछताछ कर वीडियो भी बनाए। उसने यह वीडियो अपलोड नहीं किए। सवाल यह है कि ये वीडियो कहां शेयर किए थे और इन वीडियो को बनाने के पीछे क्या कारण रहे। इसके लिए उज्जैन पुलिस की एक टीम हरियाणा के हिसार भेजी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच की तो पता चला कि ज्योति के यू-ट्यूब चैनल पर उज्जैन और इंदौर के दो वीडियो अपलोड हैं। पहला वीडियो हिसार से उज्जैन की रेल यात्रा का है। इस वीडियो में ज्योति ने महाकाल मंदिर के बारे में बताया था जबकि दूसरा वीडियो इंदौर से दिल्ली की बस यात्रा का है। इस वीडियो में उसने उज्जैन, नागदा और मंदसौर के बीच वीडियो बनाए। आश्चर्य की बात यह कि ज्योति ट्रैवलर ब्लॉगर है परंतु उसने धार्मिक और पर्यटन नगरी उज्जैन में वीडियो तो बनाए पर उन्हें शेयर नहीं किए। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि ज्योति से पूछताछ के लिए मंगलवार शाम को टीम हिसार पहुंच चुकी है। इस बारे में वहां के एसपी से भी बात हुई है। ज्योति से पता करेंगे की उसने उज्जैन में जो वीडियो बनाए थे, वे कहां शेयर किए गए।
Updated on:
20 May 2025 09:28 pm
Published on:
20 May 2025 09:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
