
queue,Onion,Fatigue,bumper arrivals,
उज्जैन. पैदावार के बाद किसानों को भावांतर योजना में प्याज बेचने के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है। तीन दिन की लंबी और थकान भरी कतार के बाद किसानों का प्याज मंडी में बिक पा रहा है, जिसके चलते किसानों को ट्रैक्टर पर ही भोजन और विश्राम करना पड़ रहा है। इधर प्याज की बंपर आवक के चलते व्यापारी किसान का प्याज औने-पौने दामों में खरीद रहे हैं। अधिकांश प्याज दो रुपए प्रति किलो में खरीदा जा रहा है।
आगर रोड पर कृषि उपज मंडी स्थित आलू-प्याज मंडी में प्याज बेचने के लिए किसानों को मशक्कत करना पड़ रही है। औसतन दो से तीन दिन में किसानों का प्याज तुल पा रहा है। मंडी अधिकारियों के अनुसार बंपर आवक के चलते इस प्रकार की स्थिति निर्मित हो रही है। गुरुवार को मंडी में १२ हजार क्विंटल प्याज और आठ हजार क्विंटल लहसुन की आवक हुई, जबकि आमतौर पर २०००-२५०० क्विंटल प्याज की आवक होती है। अधिक आवक के कारण ये स्थिति निर्मित हो रही है। फड़ खाली नहीं होने की वजह से किसानों को इंतजार करना पड़ रहा है। इससे निपटने के लिए खरीदे गए प्याज को हाथों-हाथ परिवहन करने के निर्देश जारी किए हैं। लेकिन हम्मालों की हड़ताल के कारण परिवहन में थोड़ी देरी हो रही है। इस वजह से किसान परेशान हो रहे हैं।
सोमवार से लगे हैं लाइन में
ग्राम चिकली के किसान अशोक सिंह राजपूत ने बताया कि सोमवार को कोयला फाटक से लाइन में लगे थे। तब से गुरुवार दोपहर तक इंतजार करना पड़ा। ट्रैक्टर में ६० कट्टी प्याज है। ट्रैक्टर और प्याज को किसी के भरोसे छोड़कर जा भी नहीं सकते। घर से भोजन मंगवा लेते हैं। विश्राम ट्रैक्टर पर ही करते हैं।
दो रुपए किलो में खरीदा सारा प्याज
ग्राम भारियाखेड़ी के किसान राधेश्याम पिता भेरुलाल ने बताया कि ४८ कट्टे प्याज लेकर आए हैं। सुबह ९ बजे नीलामी हो गई थी। दो तीन व्यापारी आए और बगैर बोली लगाए सारा प्याज २ रुपए प्रति किलो के मान से खरीद कर चले गए, लेकिन शाम तक तौल नहीं हुआ।
तुलाई बन रही मुसीबत
ग्राम पाताखेड़ा के किसान रामलाल पिता नैन सिंह ने बताया कि दो दिन के इंतजार के बाद प्याज नीलामी का नंबर आया। सुबह प्याज नीलाम हो गई, लेकिन उसकी तुलाई मुसीबत बनी हुई है। इतनी भीड़ में प्याज को छोड़कर भोजन के लिए भी नहीं जा पा रहे हैं।
मंडी में प्याज का मॉडल रेट ४१० रुपए प्रति क्विंटल है। न्यूनतम भाव ५० रुपए क्विंटल तक भी हो सकते हैं, लेकिन ज्यादातर प्याज ४१० रुपए प्रति क्विंटल के भाव से ही खरीदा जा रहा है। अधिक आवक के कारण किसानों को अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
राजेश गोयल, मंडी सचिव
कल नहीं होगी नीलामी
शनिवार को बैंक बंद होने के कारण कृषि उपज मण्डी उज्जैन में आलू-प्याज-लहसुन की नीलामी नहीं होगी। आलू, प्याज, लहसुन मंडी एसोसिएशन उज्जैन के सचिव दीपक पमनानी के अनुसार बैंक बंद होने के कारण आलू, प्याज, लहसुन की थोक उपज की नीलामी नहीं होने की सूचना कृषकों तक पहुंचाई जा रही है। वहीं शनिवार को आलू, प्याज, लहसुन की उपज लाने वाले कृषकों को परेशानी व असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिले के समस्त कृषकों से एसोसिएशन ने अपील की है कि कृषक बंधु 26 मई शनिवार को आलू, प्याज, लहसुन की नीलामी न होने से इस दिन अपने उत्पाद मंडी में नहीं लाएं।
Published on:
25 May 2018 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
