10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ध्वज वंदन, कला संगम के साथ शैव महोत्सव का अनौपचारिक आगाज

शैव महोत्सव 5, 6 एवं 7 जनवरी होगा। महोत्सव में द्वादश ज्योतिर्लिंग का समागम होगा।

2 min read
Google source verification
patrika

shiv puja,mahakal mandir,Mahakal temple Ujjain,mahakal puja,

उज्जैन. महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आयोजित शैव महोत्सव का अनौपचारिक शुभारंभ सोमवार को ध्वज वंदन, कला संगम के साथ हुआ। शैव महोत्सव 5, 6 एवं 7 जनवरी होगा। महोत्सव में द्वादश ज्योतिर्लिंग का समागम होगा।

मंदिर समिति के द्वारा शैव महोत्सव का शंखनाद नव वर्ष के प्रथम दिवस सोमवार को प्रात: मंदिर पुलिस चौकी के सामने ध्वज पूजन एवं महाकाल प्रवचन हॉल में कला संगम प्रारंभ हुआ। मुख्य द्वार पर पुलिस चौकी के सामने ध्वज का पूजन प्रदीप पुजारी के नेतृत्व में पं. निर्मल गुरु की आचार्यत्व में पंडितों द्वारा विधिवत पूजन.अर्चन एवं मंत्रोच्चार के साथ किया गया। महाकाल मंदिर के नंदीहाल में शैव महोत्सव की सफलता के लिए 44 पुजारी- पुरोहितों के द्वारा 3 दिवसीय महारूद्र अनुष्ठान प्रारंभ किया गया।

कलासाधकों का सम्मान
ध्वज पूजन के बाद महाकाल प्रवचन हाल में कलासंगम के कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कलासाधकों का सम्मान करने के साथ महाकालेश्वर वेदिक अलंकरण की घोषणा की गई। कार्यक्रम में कला साधक रामचन्द्र भावसार, श्रीकृष्ण जोशी एवं अन्य कला साधकों को शॉल, श्रीफल से सम्मानित किया गया। केन्द्रीय सिंहस्थ समिति के अध्यक्ष माखनसिंह चौहान ने महाकालेश्वर वेद अलंकरण की घोषणा करते हुए बताया कि 2017 के लिए अलंकरण महाराष्ट्र के दुर्गादास अम्बादास मूले को दिया जाएगा। मूले को 1 लाख रु., रजत पत्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वामी उमेशनाथ महाराज, स्वामी असंगानंद महाराज, डॉ अवधेशपुरी महाराज मौजूद थे। शैव कला संगम की जानकारी आरपी शर्मा ने दी। कला संगम में देशभर के 30 से अधिक कलाकार उज्जैन आए हैं। स्वागत मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य विभाष उपाध्याय, जगदीश शुक्ला ने किया।

तैयारियों में जुटें अधिकारी
नए वर्ष की पहली समायावधि बैठक में शैव महोत्सव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को महोत्सव में जुटने को कहा। बैठक में डीईओ ने १२ जनवरी को होने वाले सूर्य नमस्कार की तैयारियों को लेकर जानकारी दी । जिला पंचायत सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन १८१ के प्रकरणों की समीक्षा की।

शैव महोत्सव के अंतर्गत शिप्रा पूजन आज
शैव महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार सुबह 10 बजे मां शिप्राजी का पूजन-अर्चन कर चुनरी अर्पित की जाएगी। यह आयोजन रामघाट पर किया जाएगा।

निकलने वाली शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित
शैव महोत्सव में 5 जनवरी को अपराह्न 4 बजे शोभायात्रा महाकालेश्वर मंदिर से निकलेगी। शोभायात्रा का मार्ग परिवर्तित कर अब महाकाल मंदिर से कोट मोहल्ला चौराहा, गुदरी चौराहा, रामानुजकोट, कार्तिक चौक, दानीगेट, ढाबा रोड, कंठाल चौराहा, सतीगेट, छत्रीचौक, गोपाल मदिर, पटनी बाजार होते हुए वापस महाकाल मंदिर किया गया है। जानकारी शोभायात्रा के प्रभारी एवं एडीएम क्षितिज शर्मा ने दी।