
Ujjain उज्जैन के हम्मालवाडी में दो मंजिला बिल्डिंग गिरी- Patrika.com
Ujjain: एमपी के उज्जैन में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां दो मंजिला बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। भीषण हादसे से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हादसे में अभी तक एक की मौत हुई है जबकि 4 लोगों की हालत गंभीर है। खास बात यह है कि मकान में मौजूद 8 परिजनों को बचाने के लिए आसपास के लोग अपनी जान पर खेल गए। खुद अपनी जिंदगी दांव पर लगाते हुए मलबे में से परिजनों को निकाला। उज्जैन के जीवाजीगंज इलाके के हम्मालवाड़ी में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पड़ोस में बन मकान के कारण इस बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई थी। फिलहाल रेस्क्यू अभियान चल रहा है। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान भरभराकर गिर पड़ा
बुधवार सुबह तेज आवाज के साथ दो मंजिला बिल्डिंग गिर गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान भरभराकर गिर पड़ा। उस समय बिल्डिंग में 8 लोग मौजूद थे।
हालांकि हादसे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया पर कुछ युवाओं ने हिम्मत से काम लिया। अपनी जान पर खेलकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए मलबा हटाना शुरु कर दिया। इस बीच पुलिसकर्मी भी आ गए।
बिल्डिंग के मलबे में दबने से 15 साल के अरशान कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई। असरान अपनी नानी खुर्शीद बी के घर आया हुआ था। अन्य लोगों को मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। यहां भर्ती खुर्शीद बी, इकलाश, फरान नाज, शेर मोहम्मद और परवीन बी की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बाजू में बन रहे मकान की वजह से दो मंजिला बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई थी। इससे यह ढह गया। बिल्डिंग में रहनेवालों की कुल संख्या 12 है जिनमें से हादसे के वक्त केवल 8 ही अंदर थे। नए मकान के लिए गहरे गड्ढे खोदे जिसके कारण पुरानी बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई और अचानक ढह गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बिना वक्त गंवाए मलबा हटाकर लोगों को बचाने में लग गए।
Published on:
24 Jun 2026 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
