
Mahakal Ujjain Fire Case: महाकाल मंदिर गर्भ गृह में हुए अग्निकांड को लेकर कलेक्टर द्वारा गठित दल मजिस्ट्रयल जांच कर रहा है। कमेटी प्राथमिक जांच की अंतरिम जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर चुकी है और कुछ दिनों में अंतिम रिपोर्ट देगी। इसके साथ ही कलेक्टर नीरजकुमार सिंह के निर्देश पर कमेटी अब हादसे को लेकर विस्तृत जांच भी कर रही है। इसमें हादसे के कारण, इसके लिए जिम्मेदार आदि बिंदुओं के साथ ही भविष्य में किन बातों का ध्यान रखना है, इसकी भी रिपोर्ट बनाएगी। संभावना है कि कमेटी एक से दो सप्ताह में विस्तृत जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर देगी।
जांच दल ने अभी प्राथमिक जांच की अंतिम रिपोर्ट नहीं दी है। दरअसल हादसे में घायल लोगों में से कई अभी अस्पताल में भर्ती। इसके चलते कमेटी इनके बयान नहीं ले पाई है। अब भी 10 से अधिक लोगों के बयान होना शेष है।
- श्री महाकालेश्वर मंदिर में किस त्योहार पर क्या प्रोटोकॉल होना चाहिए। निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किस तरह होना चाहिए।
- श्रद्धालु सहित कितने लोग अंदर आना चाहिए।
- पूजन के लिए गर्भगृह में पूजारी सहित कितने लोग होना चाहिए।
- अधिकतम कितने सेवक होना चाहिए।
- मंदिर में किन-किन सामग्रियों को ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- आगम-निर्गम की व्यवस्था यथावत रहेगी या समय विशेष पर बदलाव करेंगे।
देश के प्रमुख चार मंदिरों की व्यवस्थाएं जानने के लिए कलेक्टर ने अलग-अलग दल गठित कर दिए हैं। तीन-तीन सदस्यीय गठित चार दल इन मंदिरों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाएं जानेंगे और रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इनकी रिपोर्ट का उपयोग आवश्यकतानुसार श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुलभ दर्शन, मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, व्यापक प्रशासनिक व्यवस्था और प्रतिवर्ष होने वाले विभिन्न पर्वो के वृहद आयोजनों के संबंध में सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए किया जा सकेगा। दलों की रिपोर्ट को मजिस्ट्रयल कमेटी द्वारा प्रस्तुत विस्तृत रिपोर्ट के साथ शामिल किया जा सकता है। भ्रमण के लिए दल रवाना हो चुके हैं।
1. श्री सोमनाथ मंदिर गुजरात: दल के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर डॉ. अभय सिंह खरारी। तराना नायब तहसीलदार तराना गोवर्धन राजोरिया और उज्जैन पटवारी शैलेन्द्र चौहान सहायक।
2. श्री खाटू श्यामजी मंदिर, राजस्थान: दल के प्रभारी अधिकारी संयुक्त कलेक्टर ब्रजेश सक्सेना। बडऩगर नायब तहसीलदार गुलाब सिंह परिहार व कोठी महज पटवारी रोहन मांझी।
3. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी: दल के प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर धीरेन्द्र पाराशर। मुकेश सोनी और पटवारी मितेश अग्रवाल सहायक।
4. श्री तिरुपति बालाजी मंदिर, आंध्रप्रदेश- दल के प्रभारी अधिकारी नागदा अनुविभागीय अधिकारी सत्यनारायण सोनी । नायब तहसीलदार उन्हेल रामविलास बकतरिया और पटवारी सुनील चौहान सहायक।
कमेटी को विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही देश के चार प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के लिए दल रवाना किए गए हैं।
- नीरजकुमार सिंह, कलेक्टर
Updated on:
30 Mar 2024 02:43 pm
Published on:
30 Mar 2024 02:42 pm
