
bjp office,Mahakal Temple,bjp organization,State leadership,
उज्जैन। चुनाव से पहले भाजपा संगठन में अंदरुनी उठापठक तेज हो गई। टिकट के दावेदार भाजपा नगराध्यक्ष इकबालसिंह गांधी ने दूसरी पारी के कार्यकाल से 10 माह पहले ही पद छोड़ दिया। उनकी जगह प्रदेश नेतृत्व ने जिला महामंत्री विवेक जोशी को नगराध्यक्ष की कमान सौंपी। गुरुवार को बाबा महाकाल से आशीर्वाद लेकर जोशी ने पदभार संभाला। कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाली। सभी भाजपा कार्यालय लोकशक्ति पहुंचे जहां जोशी का स्वागत किया गया।
गांधी दक्षिण से टिकट के दावेदार
गांधी के हटते ही महामंत्री का एक पद खाली हो गया, जिस पर किसी नए को प्रमोशन मिलेगा। गांधी दक्षिण विधानसभा से टिकट के दावेदार हैं। पार्टी की उस गाइडलाइन, जिसमें पदाधिकारियों को टिकट नहीं दिए जाने का फंडा है। इससे बचने के लिए गांधी कई दिनों पहले पद से हटने का पत्र दे चुके थे। पार्टी ने अब इसे स्वीकार कर जोशी को पद से नवाजा है। इसके अलावा 4 अन्य शहरों में अध्यक्ष बदले गए हैं।
रैली में कई बड़े नेता हुए शामिल
भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी महाकाल दर्शन के बाद रैली के रूप में लोक शक्ति कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। इस दौरान भाजपा के स्थानीय बड़े नेता मौजूद रहे। इनमें पूर्व नगर अध्यक्ष इकबाल सिंह गांधी, वरिष्ठ नेता बाबूलाल जैन, शिवा कोटवाणी, मंत्री पारस जैन, महापौर मीना जोनवाल सहित अन्य नेताओं ने जोशी का स्वागत किया और चुनाव में साथ देने का संकल्प लिया। संगठन महामंत्री प्रदीप जोशी ने संबोधित किया।
गरमाने लगी आंतरिक राजनीति
चुनावी साल में भाजपा की आंतरिक राजनीति गरमाने लगी है। पद के कारण टिकट में कोई अड़चन न आए, इसके लिए कई शहरों में जिलाध्यक्ष पद से हट गए। गांधी सहित पद से हटे सभी जिलाध्यक्षों को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है। ऐनवक्त पर नए को कमान देना व संगठनात्मक रूप से मजबूती पार्टी के लिए भी चुनौती भरा काम है। संभागीय मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना के अनुसार जोशी को अध्यक्ष बनाने प्रदेश कार्यालय से नियुक्ति आदेश जारी हुए हैं।
सवाल : तीन बार से महामंत्री, चेहरा जाना-पहचाना नहीं
नए जिलाध्यक्ष जोशी तीन बार से नगर महामंत्री हैं। मंत्री पारस जैन खेमे से माने जाते हैं और संगठन के नेता जैसी छवि है। व्यापार तौर पर वे बिजली कंपनी के कांट्रेक्टर हैं और सभी वर्ग के नेताओं से अच्छा तालमेल है। लेकिन जनता के बीच कोई व्यक्तिगत पहचान व जाना-पहचाना चेहरा नहीं होने से पार्टी को परेशानी भी आएगी। क्योंकि जोशी को कुछ बड़े नेता एकाएक अध्यक्ष के रूप में स्वीकार भी नहीं कर पाएंगे।
- ये बोले पुराने व नए जिलाध्यक्ष
संगठन आदेश करेगा तो चुनाव लडूंगा
पार्टी की कोई रचना होगी, इस कारण मुझे दायित्व मुक्त किया गया। यदि संगठन आदेश करेगा तो निश्चित चुनाव लडूंगा। एक कार्यकर्ता के नाते ये सोच सभी की होती है। दो बार के कार्यकाल में हर स्तर के नेता, कार्यकर्ता का मुझे अपार सहयोग मिला। पार्टी के हर मोर्चे पर इन्हीं के बूते सफल हुए। सभी का सदैव ऋणी रहूंगा। आगे भी एेसे ही सहयोग की आशा है।
- इकबालसिंह गांधी, पूर्व नगर जिलाध्यक्ष, भाजपा
जिम्मेदारी मिली है, चुनाव जीतना लक्ष्य
पार्टी ने चुनावी समय में अहम जिम्मेदारी सौंपी है, प्रदेश नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सभी को साथ लेकर पार्टी हित में काम करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को विजयश्री मिले, यहीं परम लक्ष्य है। इसी ध्येय के साथ वरिष्ठों के मार्गदर्शन में संगठन के लिए काम करेंगे। जिले की सभी सीटें हमारी झोली में आए, यह मंशा है।
- विवेक जोशी, नगर जिलाध्यक्ष, भाजपा
ये बने नए समीकरण, कार्यकारिणी यथावत्
- नगराध्यक्ष बदलने से पार्टी में कुछ नए राजनीतिक समीकरण भी बने हैं।
- गांधी के नजदीकी समर्थक अब खुलकर उनके लिए लॉबिंग मेंं जुटेंगे।
- अभी तक उनकी दावेदारी अघोषित थी, अब वे खुलकर इसे जताएंगे।
- जोशी से जुड़े कार्यकर्ता उत्साहित व मंत्री पारस जैन खेमा और मजबूत हुआ।
- खाली हुए महामंत्री पद के लिए भी नेता सक्रिय। जो पहले पद नहीं पा सकें वे इच्छुक।
- जिलाध्यक्ष पद पर बदलाव हुआ, लेकिन अन्य कार्यकारिणी व पदाधिकारी यथावत रहेंगे।
Published on:
02 Aug 2018 01:32 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
