
उमरिया। कुछ दिनों से पूर्व सीएम कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बताने वाले होर्डिंग पर बुधवार को कमलनाथ ने बयान दिया है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की इच्छा बताते हुए कहा है कि कोई भी कार्यकर्ता यदि नारा लगाएगा तो वे उसे रोक नहीं सकते। कमलनाथ ने कहा है कि वे पहले ही कह चुके हैं कि किसी पद के आकांक्षी नहीं हैं, उनका उद्देश्य प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करना है।
पूर्व सीएम एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को उमरिया दौरे पर थे। उन्होंने यहां मीडिया से बात करते हुए शिवराज सरकार पर निशाना साधा। उमरिया क्षेत्र आदिमजाति कल्याण विभाग मंत्री मीना सिंह का क्षेत्र है। कमलनाथ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बीजेपी सरकार ने इस जिले के विकास के लिए कुछ नहीं किया। अनुसूचित जाति के लोगों की जिंदगी बीजेपी सरकार बदल नहीं सकी। ज्यादातर लोग मुख्य धारा से नहीं जुड़ सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वोट बैंक को साधने के लिए इसी क्षेत्र से बीजेपी ने एक मंत्री भी बनाया, लेकिन विकास कुछ नहीं किया। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए भी कुछ काम नहीं किया। कमलनाथ ने कहा कि जबकि कांग्रेस ने हमेशा इस वर्ग के लिए काम किए हैं। हमारी 15 महीने की सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग को मुख्य धारा से जोड़ने के प्रयास तेज किए लेकिन हमारी सरकार गिरा दी गई।
उमरिया में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंडलम सेक्टर की बैठक भी ली। इसमें उन्होंने कहा कि इस बार सभी जिलों में कांग्रेस का अच्छा माहौल बन रहा है। आप भी पूरी ताकत से लग जाइए। आपकी मेहनत के कारण हम इस जिले की सभी सीटें जीत लेंगे।
कम अंतर से हारी थी कांग्रेस
उमरिया जिले में दो विधानसभा सीट हैं। यहां की बांधवगढ़ सीट से बीजेपी के शिवनारायण सिंह जीते थे और कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञानवती सिंह महज 19 हजार मतों से हार गई थीं। जबकि दूसरी सीट मानपुर है जहां से मीना सिंह विधायक हैं, जो शिवराज सरकार में आदिम जाति कल्याण विभाग की मंत्री हैं।
जनसभा में क्या बोले कमलनाथ
किसानों की आत्महत्या में नंबर-1
कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन। महिलाओं पर अत्याचार में मध्यप्रदेश नंबर वन। 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। हमने कहा था कि सभी किसानों का कर्जा माफ करेंगे, केवल डिफाल्टर का नहीं। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। यह हम नहीं कह रहे हैं शिवराज सरकार ने भी कहा है।
कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में 20 हजार घोषणाएं की हैं। जहां नदी भी नहीं है, वहां पुल की भी घोषणा करवा दीजिए। कमलनाथ ने कहा कि शिवराजजी ने आपने क्या दिया। महंगाई दी, बेरोजगारी दी, महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया। घर-घर में दारू दी। बलात्कार दिया। आदिवासी अत्याचार दिया। सबसे ज्यादा अत्याचार और अन्याय आदिवासियों पर होता है।
भविष्य की है चुनौती
कमलनाथ ने कहा कि मोदीजी कितनी लंबी चौड़ी बातें करते थे। दो करोड़ बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। शिवराजजी विकास यात्रा निकाल रहे हैं। यह विकास यात्रा नहीं अब निकास यात्रा है। यह जनता को हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। नाटक-नौटंकी कहते है। मैं तो कहता हूं शिवराजजी से मुंबई जाइए एक्टिंग कीजिए, मध्यप्रदेश का नाम रौशन कीजिए। कमलनाथ ने कहा कि भविष्य के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। खदान बंद हो रही हैं इनका निजीकरण किया जा रहा है। इंदिरा गांधी ने राष्ट्रीकरण किया था कोयले की खदानों का। यह निजीकरण कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखने की चुनौती है।
Updated on:
08 Feb 2023 05:48 pm
Published on:
08 Feb 2023 05:46 pm
बड़ी खबरें
View Allउमरिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
