
उमरिया. मरता क्या न करता..ये बात आपने अक्सर सुनी होगी लेकिन उमरिया में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। दरअसल यहां जंगल में मवेशी चराने गए एक व्यक्ति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। बाघ व्यक्ति को अपना शिकार बनाना चाहता था लेकिन व्यक्ति ने हार नहीं मानी और बाघ का मुकाबला करते हुए बाघ की छाती पर एक ऐसी लात मारी की बाघ वापस जंगल में भाग गया। हालांकि बाघ के हमले में व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हुआ है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
साहसी चरवाहे ने बताई पूरी घटना
घटना उमरिया जिले के नौरोजाबाब्द इलाके के निपनिया गांव के पास के जंगल की है। जहां रहने वाले 42 साल के राम गरीब बैगा को बाघ के हमले में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राम गरीब बैगा ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार को भी सुबह करीब 10 बजे मवेशी लेकर जंगल में चराने गया था। इसी दौरान जंगल में झाड़ियों में छिपे बाघ ने बकरियों पर हमला कर दिया। बाघ ने पल भर में ही दो बकरियों का शिकार कर डाला और वो कुछ समझ पाता इससे पहले ही बाघ उस पर झपट पड़ा। उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी उसने अपना बचाव करने बाघ पर कुल्हाड़ी से हमला किया लेकिन कुल्हाड़ी की लकड़ी टूट गई और बाघ भी बच गया। बाघ फिर से उस पर झपटा लेकिन उसने अपने दोनों हाथों से उसके पंजे पकड़ लिए जिसके कारण बाघ का नाखून उसके हाथ के पंजे के आरपार हो गया। इसी दौरान बाघ और वो गिर गए और जब दोबारा वो उठा तो बाघ फिर से उस हमला करने के लिए झपटा इसी दौरान उसने अपनी पूरी ताकत से एक जोर से लात मारी जो बाघ के सीने में लगी और बाघ जंगल में वापस भाग गया।
शिकार की तलाश में गांव में आ रहे बाघ
बाघ के हमले में घायल रामगरीब बैगा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। बता दें कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे जंगल व रहवासी इलाकों में बाघ अक्सर मवेशियों के शिकार के लिए पहुंच जाते हैं और इसी दौरान वो कई बार इंसानों पर भी हमला कर देते हैं। बीते कुछ दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोत्तरी भी हुई है जब बाघ ने इंसानों पर हमला किया है। वहीं इस घटना की जानकारी मिलने के बाद वन परिक्षेत्राधिकारी नौरोजाबाद ने बताया कि बाघ का मूवमेंट अभी भी इलाके में ही है इसलिए ग्रामीणों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
देखें वीडियो- बाघिन से बचने पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ
Published on:
21 Feb 2023 09:56 pm
बड़ी खबरें
View Allउमरिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
