
Murder
उन्नाव. बुधवार देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता व ग्रामीण पहुंच गए। जिन्होंने मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश के सामने पीछे हटना पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक व कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने किसी प्रकार समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इधर जाम की स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधीक्षक ने वाहनों को मार्ग बदलकर चलाने के निर्देश दिए। जिसके कारण जाम की स्थिति भयावह नहीं हो पाई।
हसनगंज थाना क्षेत्र का मामला-
हसनगंज थाना क्षेत्र के अकबर पुर निवासी अविनाश सोनू (26) पुत्र यदुवीर सिंह की बीती रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि वह पड़ोस के गांव शेरपुर गया था। जहां से वापस आ रहा था। शेरपुर गांव के बाहर ही कुछ लोगों ने रोक कर कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते अविनाश की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते हैं हसनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। परंतु ग्रामीणों के आक्रोश के सामने उनकी एक न चली और उनको अपने कदम पीछे खींचने पड़े। इधर सूचना पाकर मौके पर पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि देवी भी पहुंच गई। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तारी हो जाएगी। इस बीच पुलिस ने मृतक अविनाश का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
हिंदू जागरण मंच ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की
इसके पहले थाना पुलिस शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया परंतु उन्हें सफलता नहीं मिली। परिजन व ग्रामीण मृतक के शव को लेकर गांव चले गए थे। जिससे पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेने का प्रयास सफल नहीं हो पाया। पुलिस अधीक्षक के समझाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले पाई। इधर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक ने हसनगंज बांगरमऊ और लखनऊ जाने वाले मार्गों के वाहनों को चकलवंशी, उन्नाव, सफीपुर, अजगेन में तत्काल रोकने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश का असर हुआ जिससे घटना स्थल पर वाहनों का जाम नहीं लग पाया और ग्रामीणों द्वारा जाम खत्म होने के बाद यातायात बदस्तूर जारी हो गया। हिंदू जागरण मंच के विमल द्विवेदी ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ता की हत्या पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि अविनाश विभिन्न हिंदू संगठन के कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेता था। वह भाजपा के कार्यक्रम में भी भाग लेता था। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शीघ्र अतिशीघ्र हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Published on:
02 Nov 2017 01:05 pm
