
Senior Umpire Manik Gupta dies: उन्नाव में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मैच खत्म होने के बाद सभी अपने-अपने घर जा रहे थे। इसी बीच मधुमक्खियों का एक झुंड मौके पर आ गया और अंपायर, खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से खिलाड़ी और अंपायर इधर-उधर भागने लगे। किसी ने बाथरूम में घुसकर अपनी जान बचाई तो कोई अपनी गति बढ़ाकर मौके से भाग गया, लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने केसीए के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता के ऊपर हमला कर दिया और वह अपने आप को नहीं बचा सके। मधुमक्खियों के हमले से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर में उनकी मौत हो गई। वरिष्ठ अंपायर की मौत से खिलाड़ियों और अंपायरों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना गंगा घाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सप्रू मैदान की है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में केसीए की तरफ़ से अंडर-13 केडीएमए लीग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें वाईएमसीसी और पैरामाउंट टीम के खिलाफ मैच हो रहा था। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता और जगदीश मैच में अंपायरिंग कर रहे थे। मैच खत्म होने के बाद सभी लोग घर जाने की तैयारी में थे।
इसी बीच अंपायर और खिलाड़ियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर अफ़रा-तफ़री मच गई। बचने के लिए खिलाड़ी व अन्य जमीन पर लेट गए, जबकि मानक गुप्ता, अंपायर नावेद, जगदीश बाथरूम में घुस गए। अंपायर नावेद और जगदीश बच गए, लेकिन मधुमक्खियों ने मानक गुप्ता पर जबरदस्त हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद खिलाड़ियों ने मधुमक्खियों के चंगुल से छुड़ाकर किसी प्रकार उन्हें शुक्लागंज के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। यहां से उन्हें कार्डियोलॉजी ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही मौत हो गई। वरिष्ठ अंपायर मानक गुप्ता की मौत से खिलाड़ियों और अंपायरों में शोक की लहर दौड़ गई।
डीसीए उन्नाव के महामंत्री पीके मिश्रा ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे बहुत दुखद घटना बताया है। अंडर-13 की क्रिकेट प्रतियोगिता हो रही थी। वहीं पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था, जिनके हमले से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के पैनल के सदस्य मानक गुप्ता की मौत हो गई, जो काफी दुखद है। वे 35 सालों से अंपायरिंग कर रहे थे। जिस मैदान में प्रतियोगिता हो रही थी, वह 100 से अधिक रणजी मैच खेल चुके राहुल सप्रू के नाम से है।
Published on:
19 Feb 2026 03:58 pm
