
आंचल मिश्रा की फाइल फोटो।
किसान नेता आंचल मिश्रा (25) मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव की रहने वाली थीं। वह अपने पति संतोष मिश्रा और दो बच्चों के साथ रहती थीं। परिजनों के अनुसार, 17 फरवरी को वह भिनगा में किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थीं, जिसके बाद वह लापता हो गई थीं। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान उनके मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। मोबाइल की आखिरी लोकेशन ककरदरी रेंज के जंगल में मिली। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस टीम जंगल पहुंची। यहां तलाश के दौरान जला हुआ कंकाल बरामद हुआ।
मौके पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के पति संतोष मिश्रा ने सूरज वर्मा पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद सूरज वर्मा उनके साथ मिलकर आंचल की तलाश का नाटक करता रहा। जांच में भी आंचल मिश्रा और सूरज वर्मा की आखिरी मोबाइल लोकेशन एक ही स्थान पर मिली है। सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 19 फरवरी को महिला के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को 3 मार्च को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल में महिला का कंकाल मिला। बरामद कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
04 Mar 2026 09:05 am
Published on:
04 Mar 2026 09:05 am
