8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

काशी का होगा विस्तार, लोगों को मिलेगा अत्याधुनिक ठिकाना, 400 एकड़ में टाउनशिप बसाने की तैयारी

जनपद में हाउसिंग कॉलोनी की बहुत ही आवश्यकता महसूस हो रही थी, क्योंकि शहर कन्जेस्टेड हो चुका था और लोग अब बाहर निकाल कर खुले में मकान बनाना चाहते थे। इसको लेकर जिला प्रशासन वर्तमान में चार बड़े टाउनशिप पर काम कर रहा है...

2 min read
Google source verification

AI image (Chatgpt)

वाराणसी: जिला प्रशासन शहर के बाहरी हिस्सों में अत्याधुनिक टाउनशिप बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इन टाउनशिप में लोगों को जीवन जीने के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मौजूद रहेंगी। इस टाउनशिप का निर्माण शहर के बाहरी हिस्सों में स्थित चार अलग-अलग स्थानों पर किया जा रहा है। इनमें से तीन टाउनशिप का निर्माण वाराणसी विकास प्राधिकरण और एक टाउनशिप आवास विकास द्वारा कराया जा रहा है।

शहर में हाउसिंग कॉलोनी की थी जरुरत

वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में हाउसिंग कॉलोनी की बहुत ही आवश्यकता महसूस हो रही थी, क्योंकि शहर कन्जेस्टेड हो चुका था और लोग अब बाहर निकाल कर खुले में मकान बनाना चाहते थे। इसको लेकर जिला प्रशासन वर्तमान में चार बड़े टाउनशिप पर काम कर रहा है। इन चार टाउनशिप में से तीन वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा काम कराया जा रहा है, जबकि एक स्थान पर आवास विकास द्वारा भूमि अधिग्रहण का काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा जो काम कराया जा रहा है उसमें से पहला प्रयागराज हाईवे पर स्थित कल्लीपुर में टाउनशिप का प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। यहां 156 एकड़ में टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मौके पर 50% से अधिक भूमि अधिग्रहण का काम किया जा चुका है और बाकी का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।

चालू है भूमि अधिग्रहण का कार्य

जिलाधिकारी ने बताया कि दूसरा प्रोजेक्ट चंदौली के मढ़नी इलाके में चल रहा है और यह कैंपस भी करीब 150 एकड़ का है, जिसका निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कार्यादाई संस्था लगातार प्रयासरत है। इस प्रोजेक्ट में भी 50% से अधिक भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा किया जा चुका है और बाकी का काम भी जल्द पूरा हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम जिसका गंजरी में निर्माण हो रहा है, वहां पर भी टाउनशिप को लेकर प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। विकास प्राधिकरण यहां एक स्पोर्ट्स सिटी बसाएगी और इसको लेकर भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा किया जा रहा है। हालांकि, कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन जिला प्रशासन स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर इसे पूरा करने में लगा हुआ है।

बनेंगे अच्छी क्वालिटी के रेजिडेंशियल कंपलेक्स

उन्होंने बताया कि इसके अलावा आवास विकास द्वारा काशी द्वार की योजना में भी भूमि अधिग्रहण का काम पूरा किया जा रहा है। यहां 100 एकड़ भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि शहर के बाहरी इलाकों में स्थित इन इलाकों में चार बड़े टाउनशिप बसाने की योजना है, जहां अच्छी क्वालिटी के रेजिडेंशियल कंपलेक्स बनाए जाएंगे। इसके अलावा लोगों को कमर्शियल फैसिलिटी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि कई ऐसे लोग हैं, जिनके घर और मकान शहर के बीचो-बीच स्थित हैं और वहां पर एक कार तक जाने की सुविधा भी नहीं है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए इस टाउनशिप का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां सड़कें, बिजली, पानी, स्कूल-कॉलेज की उचित व्यवस्थाएं होंगी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा मानक के अनुरूप कार्य को कराया जाएगा जिसमें चौड़ी सड़क, घर-घर पीने योग्य पानी, पीएनजी का गैस कनेक्शन इत्यादि शामिल है। उन्होंने कहा कि यह टाउनशिप पूरी तरीके से प्लानिंग के अनुसार बसाए जाएंगे, जहां लोगों के घर के पास ही यह सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।