
वाराणसी में सीएम योगी ने अपने काफिले को रुकवाकर दर्द से तड़प रही प्रसूता की एंबुलेंस को रास्ता दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने वाराणसी में मानवता की ऐसी मिसाल पेश की है, जो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। सीएम योगी ने अपने वाराणसी दौरे (Varanasi Visit) के दौरान अपने काफिले को रुकवाकर दर्द से तड़प रही एक प्रसूता की एंबुलेंस को न केवल रास्ता दिया, बल्कि एंबुलेंस को स्कॉर्ट कराते हुए तत्काल अस्पताल भी भिजवाया। फिलहाल पीड़िता आईसीयू में भर्ती है। बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद अधिक ब्लीडिंग के चलते महिला की हालत बेहद गंभीर थी। इसलिए परिजन एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन इसी बीच एंबुलेंस सीएम योगी के वाहनों का काफिला गुजरने के चलते फंस गई थी।
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को वाराणसी के दौरे पर थे। सीएम के वाहनों का काफिला पुलिस लाइन से सारनाथ के लिए रवाना हुआ था। इसी बीच पता चला कि रास्ते में एक एंबुलेंस फंसी हुई है। जिसमें अंजलि नाम की एक महिला है और वह दर्द से तड़प रही है। डिलीवरी के दौरान अधिक ब्लीडिंग होने के कारण उसकी हालत बेहद गंभीर है। इसकी जानकारी तत्काल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई। यह सुनते ही सीएम योगी ने तत्काल एंबुलेंस के लिए रास्ता खानी कराने के आदेश दिए। जिसके बाद वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने स्कॉर्ट करते हुए एंबुलेंस को समय पर अस्पताल पहुंचाया।
'सीएम योगी के काफिल को देख लगा, अब समय पर नहीं पहुंच पाएंगे'
वाराणसी के धरहार गांव निवासी अभिषेक सिंह का कहना है कि पत्नी अंजलि को डिलीवरी के बाद काफी अधिक ब्लीडिंग हो रही थी। इसलिए वह अन्य परिजनों के साथ अंजलि को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में सीएम योगी के वाहनों का काफिला नजर आया। उन्हें लगा कि अब उनका समय पर पहुंचना मुश्किल है। इस पर उन्होंने अपनी स्थिति के विषय में पुलिस कमिश्नर से बात की। कमिश्नर केे माध्यम से उनकी बात सीएम तक पहुंची तो उन्होंने हमारी एंबुलेंस के लिए न केवल रास्ता दिया, बल्कि समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी की।
सीएम योगी ने पेश की मानवता की मिसाल
अभिषेक सिंह का कहना है कि खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह मानवता की मिसाल पेश की है। उसके लिए वह और उनका परिवार सदैव सीएम के आभारी रहेंगे। अभिषेक ने बताया कि फिलहाल पत्नी अंजलि एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।
Published on:
15 Oct 2022 01:41 pm
