
Pc- Patrika
Firing near Kashi Vishwanath Temple : वाराणसी में अति संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप पीएसी के एक जवान की राइफल से गोली चलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीएसी के जवान की राइफल से गोली चली, जिसके बाद सड़क से टकराने के बाद गिट्टी निकलने से तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए कबीर चौराहा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने की घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। वहीं, पीएसी के जवान को चौक थाने ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में गेट नंबर 4 के पास मंदिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवान अमर नाथ चौहान की कार्बाइन राइफल से गोली चलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है की राइफल अचानक हाथ से छूट गई और सड़क पर गिर गई, जिससे गोली चल गई। वहीं, गोली चलने के बाद सड़क से गिट्टी निकलकर तीन लोगों को लग गई, जिससे तीनों लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दो राउंड फायर हुआ है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायलों में निक्की, राम बाबू और विकास यादव शामिल हैं।
अति संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप गोली चलने से अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। श्रद्धालु इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं घटना की जानकारी होने के बाद चौक पुलिस गेट नंबर 4 पर पहुंची और पीएसी के जवान को अपने साथ लेकर थाने पहुंची है। इस मामले में मामूली रूप से घायल तीन लोगों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज किया जा रहा है। वहीं, अफरा तफरी मचाने के बाद सुरक्षा में तैनात अन्य पुलिस कर्मियों ने मामले को संभाला।
पुलिस अधिकारियों की माने तो गोली सड़क पर लगी और सड़क से गिट्टी चटक कर दो दुकानदारों और एक राहगीर को लगी। बताया जा रहा है कि माला फूल की दुकान लगाने वाले दुकानदारों के हाथ और पेट में गिट्टी लगी है। वहीं, एक राहगीर को भी गिट्टी लगी, जिसे आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, डॉक्टरों ने तीनों घायलों का उपचार किया है। डॉक्टर के मुताबिक, तीनों मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। वहीं, चौक पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और पीएसी के जवान से पूछताछ की जा रही है की गोली किन परिस्थितियों में चली।
Updated on:
04 Jul 2026 08:57 am
Published on:
04 Jul 2026 08:40 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
