
Govardhan Pooja grand procession
वाराणसी. ज्योति पर्व दीपावली की अगली सुबह काशी में यदुवंशियों ने धूम-धाम से मनाई Govardhan Pooja (गोवर्धऩ पूजा)। इस मौके पर आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें यदुवंशियों ने परम्परागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का जोरदार प्रदर्शन किया।
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित शोभायात्रा में शामिल होने के लिए उत्साहित यदुवशिंयों का सैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में शामिल समाज के युवाओं ने उल्लास पूर्ण माहौल में ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकने के साथ परम्परागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन किया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां,वाहनों पर वृंदावन के कलाकारों के रासनृत्य, भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। शोभायात्रा में श्रीकृष्ण यादव महासभा से जुड़े समाज के लोग भी शामिल हुए।
चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट के मुख्य द्वार पर समिति के सरंक्षक वरिष्ठ सपा नेता गोपाल यादव ने फीता काटकर शोभायात्रा का उद्घाटन किया। शोभायात्रा चेतगंज से लहुराबीर, पिपलानी कटरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मुकीमगंज, मछोदरी होते हुए राजघाट से खिड़किया घाट पहुंची। यहां विविध सांस्कृतिक आयोजन हुआ।
गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित गोवर्धन शोभायात्रा के उद्घाटन के पूर्व हथुआ मार्केट गेट पर मंच को लेकर जिच की हुई कोशिश को तो सतर्क पुलिस ने नाकाम कर दिया लेकिन साफा (पगड़ी) के रंग को लेकर ठन ही गई।
दरअसल गोवर्धन पूजा समिति की अध्यक्ष शालिनी यादव की पहल पर गोवर्धन पूजा में पहने जाने वाले केशरिया साफा का रंग बदल कर गुलाबी कर दिया गया था। इससे यादव समाज के लोग दो धड़ों में बंटे नजर आए। शालिनी यादव गुट से जुड़े लोगों ने नए रंग (गुलाबी) साफा बांधा तो श्रीकृष्ण यादव महासभा से जुड़े यादव बंधुओं ने परंपरागत केशरिया साफा ही बांधा।
खिड़किया घाट स्थित गोवर्धन धाम पर बनाए गए मंच से दोपहर बाद सांस्कृति कार्यक्रम शुरू हुए। इसमें नई दिल्ली से पधारीं लोक गायिका भानुश्री व साथी कलाकारों अपने गीतों का जादू बिखेरा। अबकी पहली बार गणेश वंदना, शिव-अधोरीनृत्य, सत्यम् शिवम् सुन्दरम, कृष्ण राधा लीला आदि मनमोहक नृत्य भी हुए। पूजा समारोह में प्रतिष्ठित गोवर्धन सम्मान भी समाज के उल्लेखनीय कार्य करने वालो को भव्यता के साथ प्रदान किया गया।
Published on:
28 Oct 2019 05:38 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
