
UP Weather Update
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम के लिहाज से बुधवार का दिन मिला-जुला रहने की संभावना है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में लू के थपेड़ों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। जानकारी के मुताबिक, इस हफ्ते प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़, मेरठ और मिर्जापुर समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं नोएडा में दोपहर बाद बारिश के आसार बन रहे हैं।
नोएडा में होगी बूंदाबांदी
नोएडा में सोमवार देर रात हुई बूंदाबांदी के बाद मंगलवार सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। दोपहर बाद बारिश के आसार जताए जा रहे थे जो पूरे नहीं हो सके। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बुधवार को बूंदाबांदी हो सकती है। बीते कुछ दिनों से खिली तेज धूप और उमस के चलते तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। शहर का तापमान अब 32 से बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। आज के बाद सप्ताहभर तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। शुक्रवार से तेज हवा चलने के आसार हैं।
सिर्फ नोएडा ही नहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-तरज के साथ बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने के भी आसार हैं। प्रदेश में औसतन तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है। लू के मद्देनजर लोगों को जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। मॉनसून के लिए भी प्रदेश के लोगों को इस साल इंतजार करना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि 4 से 5 दिन की देरी मॉनसून आने में हो सकती है।
प्रयागराज में एक डिग्री चढ़ा पारा, आज जा सकता है 45 पार
प्रयागराज में पिछले कई दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी का सामना कर रहे लोगों को अब प्रचंड लू का कहर झेलना होगा। मौसम विभाग ने बुधवार से शनिवार तक यानी चार दिन लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सूर्यदेव का रौद्ररूप देखने को मिल सकता है। प्रचंड धूप के बीच 15-20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाओं की वजह से जनजीवन पर असर पड़ना तय है। बता दें कि मंगलवार की सुबह दस बजे ही तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर 12 बजे तक धूप अपने चरम पर थी। घर से बाहर कदम रखना भी मुश्किल हो रहा था।
अरब सागर में बने चक्रवात की वजह से इस तरह के सिस्टम बन रहे हैं। अलग-अलग हिस्सों में बादल इकठ्ठा हो रहे हैं और तेज धूप में मौसम की नमी से वर्षा हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आस-पास जा सकता है लेकिन दोपहर बाद छिटपुट वर्षा की संभावना भी है।
Updated on:
07 Jun 2023 09:16 am
Published on:
07 Jun 2023 09:03 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
