
यूपी में मौसम का हाई अलर्ट |
UP Weather Alert:उत्तर प्रदेश में इस समय तेज गर्मी का असर साफ देखने को मिल रहा है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों को दिन में काफी परेशानी हो रही है। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है और दोपहर के समय हालात और ज्यादा गर्म हो जा रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 27 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर पूरे उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। इसके चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
इस बदलाव का असर सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में दिखाई देगा। मेरठ, आगरा और आसपास के इलाकों में बादल छाने लगेंगे और हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है। इसके साथ ही मौसम में ठंडक भी महसूस होगी।
धीरे-धीरे यह सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर जैसे बड़े शहरों में भी 27 से 29 मार्च के बीच बारिश और बादलों का असर देखने को मिलेगा। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और ओलों होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हल्की आंधी भी आ सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री तक नीचे आ सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। फसलों की कटाई और भंडारण का काम मौसम को ध्यान में रखते हुए करने को कहा गया है, ताकि बारिश और तेज हवाओं से नुकसान से बचा जा सके।
तेज हवाओं और आंधी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
Published on:
25 Mar 2026 03:08 pm
