
मारकंडेय महादेव को जलाभिषेक करते श्रद्धालु
वाराणसी/कैथी.महाशिवरात्रि पर काशी में शहर में बाबा विश्वनाथ के दरबार सहित सभी शिवालयों में जहां शिवभक्तों का रेला दिन भर लगा रहा वहीं कैथी स्थित मारकंडेय महादेव मंदिर में खराब मौसम में भी आस्था भारी पड़ी। शिव भक्तों का हुजूम उमड़ा। सोमवार की रात से ही श्रद्धालु जमा हो गए थे। भक्तों ने पहले गंगा-गोमती संगम में स्नान किया फिर कतारबद्ध हो कर बाबा के दरबार में पहुंच कर जलाभिषेक किया। दोपहर बाद तक यहां दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके थे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर गंगा गोमती संगम तट पर स्थित मार्कंडेय महादेव धाम में सोमवार रात से ही भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा था। रात से ही कतारबद्ध भक्त अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थ। मारकंडेय धाम पूरी तरह से मेला में तब्दील हो गया था। रह-रह कर हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजता रहा। हालांकि यह माना जा रहा है कि इस बार दो दिन महाशिवरात्रि का मान होने और पहले दिन मौसम खराब होने के चलते इस बार भीड़ कम आई।
वैसे दूसरे दिन के लिए भी भक्तों के मारकंडेय धाम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मेले में गाजीपुर, जौनपुर, ।आजमगढ़, बलिया, चंदौली सहित पूर्वांचल के तमाम जिलो से लोग पहुचे थे। मार्कंडेय महादेव घाट और गंगा गोमती संगम घाट पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ जमा थी। उनकी सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था थी। सुबह से ही कई बार मौसम प्रतिकूल होता रहा, हल्की बारिश से दर्शनार्थियों और दुकानदारों को थोड़ी असुविधा भी हुई।
स्थानीय पुजारी समाज, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा व्यवस्था में सहायता प्रदान की जा रही थी। पोस्ट ऑफिस के पास एक निजी अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया था जिसमे श्रवण सिंह, आशुतोष सिंह, सुभाष चंद्र सिंह गुड्डू, प्रदीप सिंह आदि ने विशेष सहयोग दिया।
मेला क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की दैनिक जरूरतों के सामानो की दुकानें सजी रहीं जिन पर दर्शन पूजन के बाद लोगों ने जम कर खरीदारी की। चाकी, सील लोढ़ा, गोड़ा , पाटी, मोट, चाकी, ओखली और अचार वाले मिर्च की दुकानों पर लोग जमे रहे। चरखी, झूला आदि बच्चों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मेले की व्यवस्था में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं थानाध्यक्ष चौबेपुर लगातार लगे थे। स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत, जल निगम की तरफ से भी व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया गया।
क्षेत्र के ढाखा गांव स्थित गौरी शंकर महादेव धाम में भी सुबह से काफी लोगों ने पूजन अर्चन एवं रुद्राभिषेक किया। चौबेपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर, सरसौल घाट स्थित महाकाल मंदिर, जाल्हुपुर के कच्चा बाबा धाम, धौरहरा स्थित राम जानकी मंदिर, छीतमपुर के मां नेपाली देवी मंदिर में भी भक्तों की काफी भीड़ रही।
Published on:
13 Feb 2018 07:34 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
